बाढ़ के पानी में डूबने से बच्चे की मौत:भागलपुर में खेलते समय हादसा; 200 घरों में पानी घुसा, लोगों ने छत पर लिया शरण

Sep 7, 2025 - 16:30
 0  0
बाढ़ के पानी में डूबने से बच्चे की मौत:भागलपुर में खेलते समय हादसा; 200 घरों में पानी घुसा, लोगों ने छत पर लिया शरण
भागलपुर में बाढ़ का कहर जारी है। बाढ़ के पानी में डूबने से एक तीन साल के बच्चे की मौत हो गई है। मृतक की पहचान रंजीत कुमार के बेटे कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव की है। रंजीत कुमार ने बताया कि बाढ़ के कारण पूरे परिवार ने छत पर शरण लिया है। इसी दौरान खेलते समय उनका बेटा कृष्ण बाढ़ के पानी में गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कृष्ण तीन भाइयों में दूसरे नंबर का बच्चा था। सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 200 से अधिक घरों में बाढ़ का पानी घुसा बता दें कि मिर्जापुर गांव की स्थिति चिंताजनक है। यहां 200 से अधिक घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। स्थानीय निवासी सीतराम मंडल ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से सैकड़ों परिवार बाढ़ के पानी के बीच रहने को मजबूर हैं। प्रशासन की ओर से कुछ दिनों तक सामुदायिक रसोई चलाई गई। लेकिन बाद में राहत सामग्री का वितरण बंद हो गया। लोग जान जोखिम में डालकर या तो छतों पर या फिर NH-80 के किनारे शरण लिए हुए हैं। बाढ़ का खतरा लगातार बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News