जिस प्रेमी के लिए घर-परिवार छोड़ा, उसी ने की हत्या:लव मैरिज के बाद पत्नी का दूसरे से अफेयर, नशे में पति ने बेटी के सामने मां को मारा

Sep 2, 2025 - 08:30
 0  0
जिस प्रेमी के लिए घर-परिवार छोड़ा, उसी ने की हत्या:लव मैरिज के बाद पत्नी का दूसरे से अफेयर, नशे में पति ने बेटी के सामने मां को मारा
दरभंगा में 5 साल पहले जिस महिला ने अपनी शादी के 5 दिन पहले प्रेमी के लिए अपना घर छोड़ा था, लव मैरिज के बाद उसकी हत्या हो गई। हत्यारा कोई और नहीं है बल्कि पति (प्रेमी) ही है। पति गजेंद्र ने अपनी पत्नी को कैंची से गोदकर मार डाला और 3 साल की बेटी सृष्टि अपनी मां की मौत देखती रह गई। वारदात के वक्त घर में दंपती और बेटी ही थे। मां को तड़पता देख सृष्टि जोर-जोर से रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और उसकी दादी सोमनी देवी भी दौड़ी पहुंची। दादी घर के बगल में ही जीविका समूह की बैठक में गई थी। घर पहुंची तो देखा बहू सुमित्रा (25) खून से लथपथ पड़ी है और नशे में धुत्त बेटा गजेंद्र (30) बगल में बैठा है। छोटी बच्ची लगातार रोए जा रही। मृतका की सास सोमनी देवी ने कहा, 'बहू किसी लड़के से बात करती थी। यही बात मेरे बेटे को खटकती थी। गुस्से में उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।' वारदात के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गजेंद्र को गिरफ्तार कर ले गई। घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघौनी गांव में 31 अगस्त को हुई थी। पहली पत्नी छोड़ गई थी, दूसरी पत्नी कैसे जिंदगी में आई, कब और कैसे शुरू हुई लव स्टोरी, पढ़िए रिपोर्ट... घर के रास्ते होता था आना-जाना, शुरू हुआ अफेयर ग्रामीणों के अनुसार गजेंद्र दास का स्वभाव शुरू से ही लापरवाह, नशेड़ी और झगड़ालू था। 8वीं पास गजेंद्र बस चालक और खलासी का काम करता था और ज्यादातर समय गांव से बाहर रहता था। उसकी पहली शादी भी हुई थी, लेकिन 4 साल तक घर नहीं आया। पत्नी की अनदेखी पर संबंध टूट गया। इसी कारण पहली पत्नी 2019 में गजेंद्र को छोड़कर चली गई। इसके बाद गजेंद्र दिल्ली में कमाने चला गया। 2020 में कोरोना के समय गजेंद्र गांव लौट गया। उस वक्त घनश्यामपुर से दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू हुई थी। गजेंद्र को उसी बस में खलासी की नौकरी लगी थी। वो बस मृतका सुमित्रा के घर से होकर जाती थी। इसी दौरान गजेंद्र की सुमित्रा से मुलाकात हुई थी। जिसके बाद दोनों के बीच अफेयर शुरू हुआ था। सुमित्रा के घर वालों ने दूसरी जगह तय कर दी थी शादी सुमित्रा और गजेंद्र की लव स्टोरी के बार में घर वालों को नहीं पता था। इसलिए सुमित्रा की शादी कहीं और तय हो चुकी थी। शादी के महज 4 दिन रह गए थे, इसी बीच सुमित्रा गजेंद्र के साथ भागकर दिल्ली चली गई। वहां दोनों 4 महीने रहे। शादी भी कर ली। लड़की के घर वालों ने रिश्ते से इनकार कर दिया था। हालांकि गजेंद्र के परिवार ने रिश्ते को स्वीकार लिया। गजेंद्र सुमित्रा को लेकर अपने घर लौटा। जिसके बाद दोनों का स्वागत हुआ। दोनों की फिर से शादी कराई गई, जिसमें लड़की के मायके वाले नहीं आए थे। बाद में मायके वाले भी मान गए थे। गजेंद्र घर से बाहर रहता था, पत्नी का दूसरे से हो गया अफेयर गजेंद्र की नौकरी खलासी की थी। वो ज्यादातर घर से बाहर ही रहता था। वहीं, पत्नी सुमित्रा भी ससुराल में कम और मायके में ज्यादा रहने लगी। मायके के पास एक लड़का रहता है। उसी से उसका अफेयर शुरू हो गया। कई दिनों तक गजेंद्र को इसकी भनक नहीं लगी। पिछले 6 महीने पहले गजेंद्र ने पत्नी को फोन पर बात करते सुन लिया था। जिसके बाद दोनों के लाइफ में टेंशन शुरू हो गई। सुमित्रा अपने प्रेमी के साथ दिल्ली भाग गई थी, पिता के कहने पर लौटी सुमित्रा 25 अगस्त को दिल्ली भाग गई थी। गजेंद्र भी उसकी तलाश में दिल्ली गया था। जाने से पहले अपने ससुर भोला दास को बताया था कि आपकी बेटी भाग गई है। पिता ने अपनी बेटी को घर आने के लिए कहा तब सुमित्रा 30 अगस्त को ससुराल लौटी। पत्नी के घर पहुंचने की जानकारी के बाद पति गजेंद्र भी घर पहुंचा। घर पहुंचने के आधे घंटे ही हुए थे कि उसने अपनी पत्नी को कैंची से गोद डाला। दिल्ली से लौटा था तो नशे में था बेटा मृतका की सास सोमनी देवी ने कहा कि बेटा गजेंद्र दिल्ली से लौटकर घर आया तो नशे में था। गजेंद्र आंगन में बैठा था। मैंने उससे पानी और खाना पूछा, लेकिन उसने मना कर दिया। गजेंद्र ने अपनी बेटी से कहा जिससे मिलना है मिल लो। वो ये बात क्यों कह रहा था मुझे समझ नहीं आया। इसी बीच मैं जीविका समूह की बैठक में चली गईं और कुछ देर बाद शोर होने पर लौटी तो घटना घट चुकी थी। बिना कुछ कहे पत्नी की हत्या कर दी मृतका की गोतनी रीना देवी ने बताया, 'सुमित्रा के अफेयर के बारे में मुझे जानकारी नहीं है। गजेंद्र चालक-खलासी का काम करता था और अधिकतर समय घर से बाहर ही रहता था। सुमित्रा भी अक्सर अपने मायके में रहती थी। गजेंद्र दिल्ली से लौटा और महज आधे घंटे के अंदर उसने बिना किसी विवाद या बातचीत के सीधे अपनी पत्नी को मार डाला।' दामाद बेटी के साथ मारपीट करता था मृतका के पिता बिरौल थाने के तरवारा गांव निवासी दुखरण दास ने बहेड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में लिखा कि 2020 में बेटी की शादी गजेंद्र दास से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गजेंद्र अपनी पत्नी को पीटता था। जिसकी शिकायत सुमित्रा बार-बार हमलोगों से करती थी। परिवार के लोग समझौता कराकर दोनों को साथ रखने की कोशिश करते रहे, पर ऐसा नहीं हुआ। 31 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे दामाद गजेंद्र दास ने सुमित्रा की हत्या कर दी। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मैं पहुंचा। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि पत्नी के प्रेम-प्रसंग से नाराज होकर हत्या की है। गजेंद्र दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का निर्देश दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। जिन्हें जांच के लिए मुजफ्फरपुर भेजा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News