किशनगंज पुलिस ने आदर्श आचार संहिता के तहत चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। देर रात फरिंग गोला चेक पोस्ट के पास कार से 4,41,870 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। बरामदगी के समय कार में उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के दालकोला थाना क्षेत्र के सुभाषपल्ली गांव निवासी प्रदीप सिंह सवार थे। जब उनसे इस बड़ी नगद राशि के संबंध में वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब मांगा गया, तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद, पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नगद राशि को जब्त कर लिया। इस संबंध में एक जब्ती सूची तैयार की गई है। मामले की सूचना निर्वाची पदाधिकारी और अंचलाधिकारी, किशनगंज को भी दे दी गई है। यह कार्रवाई बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन और जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही है। किशनगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। संदिग्ध गतिविधि की पुलिस को दे सूचना किशनगंज पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने अपनी सतर्कता और जनता की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई है।