बक्सर में NH-922 पर हादसा, वृद्ध की मौत:ओवरब्रिज के पास हादसा, चालक फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस

Dec 4, 2025 - 20:30
 0  0
बक्सर में NH-922 पर हादसा, वृद्ध की मौत:ओवरब्रिज के पास हादसा, चालक फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस
बक्सर के गुरुवार सुबह NH-922 पर कृष्णाब्रह्म ओवरब्रिज के पास एक दर्दनाक हादसे में 65 साल के वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह करीब 9 बजे अरियांव स्थित सिधानी डेरा निवासी कन्हैया यादव सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अफरा-तफरी, पुलिस मौके पर पहुंची घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव देखते ही फफक पड़े और माहौल गमगीन हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का बयान- बचने का मौका ही नहीं मिला चश्मदीदों के अनुसार, वाहन इतनी तेज रफ्तार से गुजर रहा था कि कन्हैया यादव को बचने का कोई मौका नहीं मिला। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिससे वाहन के संबंध में कोई तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही ओवरब्रिज के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की जल्द पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीयों की नाराजगी- तेज रफ्तार पर लगाम जरूरी ग्रामीणों ने प्रशासन से भारी वाहनों की बेकाबू गति पर रोक लगाने, नियमित गश्ती बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि एनएच-922 पर तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सुरक्षा उपाय बेहद जरूरी हो गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News