भाजपा के पूर्व सांसद धीरेंद्र अग्रवाल जन सुराज में शामिल:20 अक्तूबर को गया सदर सीट से दाखिल करेंगे नामांकन, बोले- वर्तमान विधायक ने कुछ नहीं किया
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मगध की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। बीजेपी को तगड़ा झटका देते हुए पूर्व सांसद धीरेंद्र अग्रवाल ने शनिवार को जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया। पार्टी के जिला अध्यक्ष भवानी सिंह ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई और साथ ही यह ऐलान भी किया कि धीरेंद्र अग्रवाल 20 अक्टूबर को गया सदर सीट से अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में धीरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि राज्य में इस बार परिवर्तन की लहर चल रही है और जनता पारंपरिक राजनीति से ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि जन सुराज अब केवल आंदोलन नहीं बल्कि एक जनभावना बन चुका है। बिहार में नई सोच और नई नीति वाली सरकार की जरूरत है, जो हर वर्ग के विकास की गारंटी दे सके। धीरेंद्र अग्रवाल बोले- किसानों, युवाओं, महिलाओं के लिए जन सुराज के पास ठोस योजना उन्होंने साफ कहा कि जन सुराज पार्टी किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए ठोस योजना लेकर मैदान में है। हम सत्ता नहीं, बदलाव की राजनीति करने आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा का सिपाही था। 3 बार सांसद रह चुका हूं। अब मैने भाजपा से इस्तीफा देकर जनसुराज का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि जब सांसद का पहली बार चुनाव लड़ रहा था राजनीति के धुरंधर कहा करते थे कि बनिया क्या चुनाव जीतेगा। लेकिन मैं एक बार नहीं बल्कि 3 बार सांसद बना। इस बार भी जीतूंगा। शहर का विकास का मुद्दा प्रमुख है। शहर का आम अवाम जाम की समस्या से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि बीते 8 बार से विधायक बने चले आ रहे भाजपा के 9 विन बार प्रत्याशी बनने वाले ने शहर को कुछ भी नहीं दिया। उनके स्तर से कोई भी विकास का काम नहीं किया गया। जो विकास होना चाहिए था वह नहीं हो सका है। गया नगर की जनता उनसे ऊब चुकी है। इस मौके पर जन सुराज जिला अध्यक्ष भवानी सिंह ने बताया कि धीरेंद्र अग्रवाल के जुड़ने से गया और मगध क्षेत्र में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता अब विकल्प खोज रही है, और जन सुराज वही विकल्प बनकर उभरेगी। जन सुराज के जिला बौद्धिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रो. दिनेश सिंह, अमजद हसन, प्रियंका यादव, अमित कार्तिकेय, गजेन्द्र सिंह और अभय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0