आरा विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. विजय गुप्ता के काफिले पर हमला हुआ है। जनसंपर्क अभियान के दौरान पिरौटा गांव में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अचानक स्कॉर्पियों पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। गाड़ी का शीशा टूट गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान प्रत्याशी विजय गुप्ता दूसरी गाड़ी में मौजूद थे। किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं हुई है। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवक गाड़ी पर चढ़कर गाली-गलौज करते हुए राजनीतिक दल का नाम लेकर अभद्र टिप्पणी करने लगा। इसका वीडियो भी सामने आया है। ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने काफी मशक्कत के बाद युवक को हटाया। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बढ़ते जनसमर्थन से विरोधी दल घबरा गए हैं डॉ. विजय गुप्ता ने इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि पिरौटा गांव में एक उपद्रवी व्यक्ति ने हमारे कार्यकर्ताओं की गाड़ी पर हमला किया और शीशा तोड़ दिया। शराब के नशे में धुत वह व्यक्ति एक राजनीतिक पार्टी का नाम लेकर अपशब्द कह रहा था। यह स्पष्ट संकेत है कि हमारे बढ़ते जनसमर्थन से विरोधी दल घबराए हुए हैं। इस घटना ने शराबबंदी कानून की असफलता और गांवों में बढ़ते नशे के प्रचलन को उजागर कर दिया है। एनडीए सरकार की शराबबंदी सिर्फ कागजों पर है, जबकि महागठबंधन और राजद के शासन का हाल फिर से जंगलराज की याद दिला रहा है। जनता इन दोनों व्यवस्थाओं से तंग आ चुकी है और अब बदलाव चाहती है। प्रशासन से जांच की मांग स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आरोपी युवक को गांव वालों ने काबू में कर लिया, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद से इलाके में राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। जन सुराज समर्थकों ने प्रशासन निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।