मधुबनी समाहरणालय में स्वीप वॉरियर्स ने रंगोली बनाई:विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदाता जागरूकता का संदेश दिया

Oct 19, 2025 - 20:30
 0  0
मधुबनी समाहरणालय में स्वीप वॉरियर्स ने रंगोली बनाई:विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदाता जागरूकता का संदेश दिया
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मधुबनी समाहरणालय परिसर में स्वीप वॉरियर्स ने आकर्षक रंगोली बनाई। इस रंगोली के माध्यम से मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया। रंगोली में "मतदान करें, देश गढ़ें" और "हर वोट, लोकतंत्र की ताकत" जैसे प्रेरक संदेश प्रदर्शित किए गए। स्वीप वॉरियर्स प्रेरणा, आरती, पूनम, कामना, पूजा, डॉ. अभिषेक और मनोहर कुमार झा सहित अन्य ने यह रंगोली तैयार की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का वोट अमूल्य है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने नागरिकों से निर्भय होकर मतदान केंद्रों पर पहुंचने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया। स्वीप नोडल पदाधिकारी परिमल कुमार ने कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियां मतदाता जागरूकता का प्रभावी माध्यम हैं। इनसे जनसामान्य में मतदान के प्रति सकारात्मक वातावरण बनता है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में स्वीप कार्यक्रम के तहत इसी तरह की नवाचारी गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। स्वीप कोषांग, मधुबनी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाहरणालय के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी भाग लिया। उपस्थित लोगों ने रंगोली के साथ सेल्फी लेकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News