भागलपुर जिले में 2686 पोलिंग सेंटर पर डाले जाएंगे वोट:सीसीटीवी से निगरानी, होटल-लॉज में जांच; 82 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे 22.30 लाख वोटर्स

Nov 10, 2025 - 09:30
 0  0
भागलपुर जिले में 2686 पोलिंग सेंटर पर डाले जाएंगे वोट:सीसीटीवी से निगरानी, होटल-लॉज में जांच; 82 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे 22.30 लाख वोटर्स
भागलपुर में वोटिंग से पहले रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और SSP हृदय कांत ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। संयुक्त तौर पर वोटिंग को लेकर तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज और नाथनगर में 11 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव प्रचार रविवार शाम 6 बजे समाप्त हो चुका है। अब कोई भी उम्मीदवार अपने पक्ष में प्रचार-प्रसार नहीं कर सकेगा और न ही कोई बाहरी व्यक्ति जिले में रह पाएगा। मतदान के दिन हर प्रत्याशी को अधिकतम तीन वाहनों की अनुमति मिलेगी। बूथ केंद्र से 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की चुनावी गतिविधियां प्रतिबंधित रहेगी। 11 नवंबर की सुबह 5:30 बजे से मॉक पोल शुरू होगा। अगर 5:45 तक कोई पोलिंग एजेंट नहीं पहुंचता है, तो प्रक्रिया उनकी अनुपस्थिति में प्रारंभ कर दी जाएगी। मतदान समाप्ति के बाद पोलिंग एजेंट फॉर्म 17सी की प्रति प्राप्त कर सकते हैं। मतगणना 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से पॉलिटेक्निक बरारी और महिला आईटीआई केंद्रों पर होगी। बिहपुर, गोपालपुर और सुल्तानगंज विधानसभा की गिनती महिला आईटीआई में होगी। बाकी विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक बरारी में की जाएगी। जिले में कुल 82 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें बिहपुर से 10, गोपालपुर से 10, पीरपैंती (अजा.) से 10, कहलगांव से 13, भागलपुर से 12, सुल्तानगंज से 12 और नाथनगर से 15 प्रत्याशी हैं। कुल मतदाता 22 लाख 30 हजार 208 हैं, जिनमें पुरुष 11,49,215, महिलाएं 10,80,912 और थर्ड जेंडर 81 हैं। 2686 मतदान केंद्र और सघन सुरक्षा व्यवस्था पूरे जिले में कुल 2686 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 12 चलंत, 37 आदर्श, 14 सखी और 7 पीडब्ल्यूडी मतदान केंद्र शामिल हैं। विधि-व्यवस्था संधारण के लिए 90 स्टेटिक सर्विलांस टीम, 23 फ्लाइंग स्क्वायड, 302 सेक्टर पदाधिकारी, 7 वीडियो ऑब्जर्वेशन टीम और 8 सहायक व्यय प्रेक्षक तैनात किए गए हैं। समीक्षा भवन में सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। इन कक्षों के लिए अलग-अलग दूरभाष नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष के लिए 0641-2422099, 0641-2422021 और हेल्पलाइन 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है। कंट्रोल रूम में जीपीएस और सीसीटीवी मॉनिटरिंग की सुविधा उपलब्ध है। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जा रही है। होटल और लॉज में जांच वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। अंतरराज्यीय सीमाएं सील कर दी गई हैं और सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। होटल और लॉज की भी जांच की जा रही है ताकि कोई बाहरी व्यक्ति जिले में न रुके।उन्होंने बताया कि घुड़सवार पुलिस और मोटर बोट से दियारा क्षेत्र में भी पेट्रोलिंग की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News