जमुई के मलयपुर थाना क्षेत्र के फुलबरिया गांव के राजपूत टोला में गुरुवार रात चोरों ने 2 घरों को निशाना बनाया। चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पहली घटना संजय सिंह के घर में हुई। संजय वर्तमान में भोपाल में रहता है। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने उसे सूचना दी कि उसके घर की खिड़की टूटी हुई है। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। खेत में 2 बक्से भी फेंके हुए मिले। 15 लाख के जेवर और 10 हजार नगद ले गए चोर संजय ने फोन पर बताया कि चोर करीब 15 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपए नगद ले गए। उन्होंने मलयपुर पुलिस को भी फोन पर इसकी जानकारी दी है। दूसरी घटना 100 मीटर दूर राम प्रवेश सिंह के घर में हुई। उनकी बहू नीलम देवी ने बताया कि रात को वे अपने बच्चे के साथ पास के ही एक घर में सोने गई थी। सुबह लौटी तो घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। चोर गहनों के अलावा एक लाख रुपए नगद भी ले गए। डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की तैयारी घटना की जानकारी पर मलयपुर थाना पुलिस के एसआई महेश सिंह, एएसआई प्रेमरंजन राय और मुखिया कपिलदेव प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से पूछताछ की। मलयपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन अभी प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की तैयारी की जा रही है।