गयाजी में जमीनी विवाद में चली गोलियां:जोड़ा मस्जिद इलाके में कई राउंड हुई फायरिंग; दो लोग घायल, पुलिस ने मौके से बरामद किए खोखा

Dec 15, 2025 - 19:30
 0  0
गयाजी में जमीनी विवाद में चली गोलियां:जोड़ा मस्जिद इलाके में कई राउंड हुई फायरिंग; दो लोग घायल, पुलिस ने मौके से बरामद किए खोखा
गयाजी के मानपुर के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के जोड़ा मस्जिद के पास सोमवार को जमीनी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दिनदहाड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई फिर देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के बाद दोनों ओर से जमकर झड़प भी हुई। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान राजू अहमद उर्फ परवेज आलम और शिवम सिंह के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाई। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सदर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। आरोपी और पीड़ित पक्ष जोड़ा मस्जिद इलाके के रहने वाले हैं बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष जोड़ा मस्जिद इलाके के ही रहने वाले हैं। जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। कई बार पंचायत स्तर पर सुलह की कोशिश भी हुई। लेकिन बात नहीं बनी। सोमवार को वही पुराना विवाद फिर उभर आया। पहले बहस हुई। फिर मामला हाथापाई तक पहुंचा। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका सहम गया। लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। दुकानों के शटर गिर गए। फायरिंग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, खोखा बरामद घटना की सूचना मिलते ही बुनियादगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को काबू में लिया। घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बुनियादगंज थाना के एसआई दीपक राज ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी हुई है। इसके बाद आपसी झड़प हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज सदर हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोषियों की पहचान की जा रही है। जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि पुलिस की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। स्थानीय लोग अब भी सहमे हुए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News