VTR में मंगुराहा सफारी के पहले दिन दिखा बाघ:रॉयल बंगाल टाइगर सफारी रूट पर टहलता नजर आया, पर्यटकों में खुशी
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के मंगुराहा पर्यटन केंद्र में जंगल सफारी के पहले ही दिन पर्यटकों को बाघ का दीदार हुआ। सफारी रूट पर एक विशाल रॉयल बंगाल टाइगर टहलता नजर आया, जिसे देखकर पर्यटक उत्साहित हो गए। यह घटना मंगुराहा पर्यटन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। गुरुवार को नरकटियागंज, पश्चिम चंपारण के पर्यटक पीयूष कुमार, धनराज तिवारी, बीना देवी, अध्याय वर्मा और अविका ने इस बाघ को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। पर्यटकों की पसंद बना मंगुराहा पर्यटकों ने बताया कि इतने करीब से बाघ को देखना उनके लिए एक यादगार अनुभव था। वाल्मीकिनगर के बाद अब मंगुराहा तेजी से पर्यटकों की पसंद बनता जा रहा है। यहां का शांत वातावरण, हरे-भरे जंगल और प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। इन दिनों इस क्षेत्र में जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हैं और जंगल सफारी के दौरान अक्सर हिरण, नीलगाय, जंगली सुअर तथा अन्य वन्यजीव दिखाई देते हैं। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगुराहा वन क्षेत्र में शाकाहारी जानवरों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। बाघों की संख्या बढ़ी इसी कारण मांसाहारी प्रजातियों, विशेषकर बाघों की संख्या भी बढ़ रही है। बेहतर भोजन श्रृंखला और अनुकूल वातावरण के चलते यह इलाका अब बाघों का सुरक्षित ठिकाना बन गया है। मंगुराहा की प्रमुख विशेषता इसका शांत और स्वच्छ वातावरण है, जो शहरी शोरगुल से दूर है। पर्यटकों के लिए यहां भोजन और आवास की बेहतर व्यवस्था भी की गई है। यही कारण है कि मंगुराहा सफारी रोमांच प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों दोनों के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0