सहरसा मे अगले 3 दिन मौसम शुष्क;तापमान में गिरावट संभव:किसानों के लिए कृषि परामर्श जारी, रबी फसलों की निगरानी करने की सलाह

Jan 30, 2026 - 07:30
 0  0
सहरसा मे अगले 3 दिन मौसम शुष्क;तापमान में गिरावट संभव:किसानों के लिए कृषि परामर्श जारी, रबी फसलों की निगरानी करने की सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क और आसमान साफ रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 24.0 से 25.0 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 11.0 से 13.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता लगभग 85 प्रतिशत और दोपहर में 15 से 35 प्रतिशत के बीच रह सकती है। सतही हवा की गति 3 से 5 किमी प्रति घंटा रहेगी, जिसकी दिशा मुख्यतः उत्तर-पश्चिम से पश्चिम की ओर होगी। इस अवधि के लिए कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। रबी फसलों की निगरानी करने की सलाह कृषि अनुसंधान संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ डीके चौधरी ने किसानों को सलाह दी है कि वे पहले से बोई गई रबी फसलों की नियमित निगरानी करें। गेहूं की फसल जब 18-21 दिन की अवस्था में हो, तो CRI अवस्था पर सिंचाई अवश्य करें। सिंचाई के बाद, प्रथम उपपरिवेशन की स्थिति में 30 किलोग्राम नत्रजन प्रति हेक्टेयर की दर से प्रयोग करें। गेहूं में खरपतवार नियंत्रण के लिए बुआई के 30-35 दिन बाद सल्फोसल्फ्यूरान 75 प्रतिशत WG (33 ग्राम/हेक्टेयर) अथवा मेटसल्फ्यूरान मिथाइल (20 ग्राम/हेक्टेयर) का छिड़काव करें। सिंचाई के समय 30 किलो नत्रजन का करें उपयोग मक्का की फसल को ठंड से बचाने के लिए समय पर सिंचाई करें। 35-40 दिन की मक्का फसल में खरपतवार नियंत्रण हेतु टेम्बोडियॉन 42SC का 115 मिली प्रति एकड़ प्रयोग करें। सिंचाई के समय 30 किलोग्राम नत्रजन का उपयोग कर उसके बाद मिट्टी चढ़ाने का कार्य करें। सरसों में विरलीकरण कर सिंचाई करें तथा 20 किलोग्राम उर्वरक प्रति हेक्टेयर की दर से प्रयोग करें। चना की फसल में अधिक शाखा एवं फूल प्राप्त करने के लिए निपिंग (खोटाई) करने की सलाह दी गई है। अगेती आलू के परिपक्व होने पर उसकी बेल काटकर 7-15 दिन बाद खुदाई करें, जबकि पछेती आलू में सिंचाई की व्यवस्था बनाए रखें। टमाटर की तैयार नर्सरी को मेड़ों पर रोपाई करें। पशुपालन में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें, नवजात पशुओं को तुरंत खीस पिलाएं तथा पशु चिकित्सक की सलाह से कृमिनाशक दवा दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News