बक्सर विधानसभा सीट से BJP के आनंद मिश्रा की जीत:ब्रह्मपुर सीट तीसरी बार राजद के खाते में, डुमरांव में 79,411 मतों के साथ जदयू जीती

Nov 15, 2025 - 10:30
 0  0
बक्सर विधानसभा सीट से BJP के आनंद मिश्रा की जीत:ब्रह्मपुर सीट तीसरी बार राजद के खाते में, डुमरांव में 79,411 मतों के साथ जदयू जीती
बक्सर की चारों विधानसभा सीटों ब्रह्मपुर, बक्सर, डुमरांव और राजपुर (अनुसूचित जाति) के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, त्रिस्तरीय निगरानी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के बीच शांतिपूर्ण वातावरण में मतगणना संपन्न हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री विद्यानंद सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य की देखरेख में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रही। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। शंभूनाथ यादव तीसरी बार जीते 199–ब्रह्मपुर विधानसभा सीट से राजद के शंभूनाथ यादव ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने 95,828 मत हासिल किए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी लोजपा (रामविलास) के हुलास पांडे को 92,608 वोट मिले। जीत का अंतर 3,220 मतों का रहा। लगातार तीसरी बार जनता का भरोसा मिलने के बाद शंभूनाथ यादव ने कहा कि यह जीत जनता की सेवा और विश्वास का परिणाम है। बक्सर सीट पर आनंद मिश्रा की जीत 200–बक्सर विधानसभा सीट से बीजेपी के आनंद मिश्रा ने जीत हासिल की है। उन्हें 84,901 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी को 56,548 वोट मिले। आनंद मिश्रा ने 28,353 मतों के बड़े अंतर से यह चुनाव जीता। यह उल्लेखनीय है कि आनंद मिश्रा ने 2024 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार मिली थी। इस बार उन्होंने बीजेपी में शामिल होकर टिकट प्राप्त किया और पहली बार में ही विधानसभा चुनाव जीतने में सफल रहे। 79,411 मतों के साथ जदयू की जीत 201–डुमरांव विधानसभा सीट पर जदयू के राहुल कुमार सिंह ने 79,411 मतों के साथ जीत दर्ज की। उनके सामने CPI-ML के डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कड़ी टक्कर दी और 77,306 वोट हासिल किए। इस सीट पर जीत का अंतर मात्र 2,105 मतों का रहा। राहुल सिंह ने नामांकन से ठीक एक दिन पहले जदयू ज्वाइन किया था और पार्टी ने उन्हें तत्काल टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा था। जनता ने इस नए चेहरे को स्वीकारते हुए जीत का जनादेश दिया। राजपुर में संतोष निराला की वापसी 202–राजपुर (SC) विधानसभा सीट से जदयू के संतोष कुमार निराला ने 80,701 वोट के साथ जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के विश्वनाथ राम को 71,565 वोट मिले। निराला ने 9,136 वोटों से जीत दर्ज की।संतोष निराला 2010 और 2015 में भी विधायक चुने गए थे और बिहार सरकार में मंत्री रहे, लेकिन 2020 में नाराजगी के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। पांच साल बाद 2025 में जनता ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। अब सभी की निगाह इस बात पर है कि क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी होने के कारण उन्हें फिर से मंत्री पद मिलता है या नहीं। जिले में जश्न से गुलजार हुआ माहौल नतीजों की घोषणा के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी गई। कई जगहों पर रातभर ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नृत्य का दौर चलता रहा। सोशल मीडिया से लेकर गांव की गलियों तक जीत का उत्सव छाया रहा। विजेता प्रत्याशियों का संदेश चारों विजयी प्रत्याशियों ने जीत को जनता द्वारा दी गई जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि “जनता ही भगवान है, वही मालिक है।” साथ ही यह भी कहा कि नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जोड़ी पर लोगों ने भरोसा जताया है और बिहार एक बार फिर विकास की गति पकड़ने जा रहा है।जिला प्रशासन ने भी सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे आगे भी इसी उत्साह से मतदान करके लोकतंत्र को मजबूत करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News