नवादा में इंटरमीडिएट परीक्षा शुरू:पहले दिन 13 परीक्षार्थी निष्कासित, डीएम ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया

Feb 2, 2026 - 19:30
 0  0
नवादा में इंटरमीडिएट परीक्षा शुरू:पहले दिन 13 परीक्षार्थी निष्कासित, डीएम ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा 02 फरवरी 2026 से इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा-2026 का आयोजन शुरू किया गया है। परीक्षा के पहले दिन, नवादा के जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने के.एल.एस. कॉलेज, गंगा रानी कॉलेज और कन्हाई इंटर विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, जिला पदाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश-निकास व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कदाचार-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। पहले दिन की पहली पाली में कुल 13 परीक्षार्थी कदाचार में लिप्त पाए गए, जिन्हें परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। इनमें के.एल.एस. कॉलेज से पाँच (छोटू कुमार, अंकुश कुमार, रविंद्र कुमार, योगेश्वर कुमार और शुभम कुमार), गंगा रानी कॉलेज से पाँच (आदित्य राज, निखिल कुमार, नितीश कुमार, अनुज कुमार और अभिषेक कुमार) तथा कन्हाई इंटर विद्यालय से तीन (काजल कुमारी, शिबू कुमारी और आरती कुमारी) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, के.एल.एस. कॉलेज के 4, गंगा रानी कॉलेज के 4 और कन्हाई इंटर विद्यालय के 2 वीक्षकों से फ्रिस्किंग में लापरवाही बरतने के आरोप में स्पष्टीकरण मांगा गया है। नवादा के जिला नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न हुई। पहली पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र विषयों की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक संचालित हो रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News