छठ महापर्व के मद्देनजर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पटना जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को भी अलर्ट पर रखा गया है। जिला प्रशासन ने पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र जंक्शन और दानापुर जंक्शन पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। 22 अक्टूबर से इन स्टेशनों पर तीन पालियों में 30 दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया गया है। इन अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और पूरी व्यवस्था पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, स्टेशनों पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। सभी प्रमुख स्टेशनों पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। जिला प्रशासन ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट पर रखा है, जिसमें जीवन रक्षक दवाओं और एंबुलेंस सहित मेडिकल टीमों को तत्पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। विधि व्यवस्था बनाए रखने और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए एक 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति या सूचना के लिए नागरिक 0612-2219810/2219234 और डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर यात्रा करने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों एवं पदाधिकारियों को सतर्क और सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।