किशनगंज में अहमद कंपनी के प्रतिष्ठानों पर DGGI की छापेमारी:फेक बिलिंग का शक, 45 से ज्यादा अधिकारी मौजूद
किशनगंज जिले के बहादुरगंज में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की विशेष टीम द्वारा अहमद कंपनी के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी दूसरे दिन भी जारी है। पटना से पहुंची यह टीम किशनगंज, बहादुरगंज और अररिया जिलों में कंपनी के गोदामों, शोरूमों और अन्य कारोबारी स्थलों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है। सूत्रों के अनुसार, यह जांच टैक्स चोरी, इनपुट टैक्स क्रेडिट के दुरुपयोग और बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग से जुड़ी अनियमितताओं पर केंद्रित है। छापेमारी मुख्य रूप से बहादुरगंज में केंद्रित है, जहां कंपनी के चमड़ा, लोहा, सीमेंट, सरिया (TMT बार), बाइक शोरूम और दो पेट्रोल पंप सहित कई बड़े कारोबारों की जांच हो रही है। 12 गाड़ियों में 45 से ज्यादा अधिकारी मौजूद मिली जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज में ही एक दर्जन से अधिक वाहनों में 45 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी मौजूद हैं। शनिवार दोपहर से शुरू हुई यह कार्रवाई अब तक जारी है, जिसमें दस्तावेजों, रिकॉर्ड्स, बिलों और अन्य सामग्री की बारीकी से जांच की जा रही है। संवेदक को दिए गए बिलों का स्टॉक और परचेज से मिलान किया जा रहा है, ताकि फर्जीवाड़े का पता लगाया जा सके।सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कई बड़े खुलासे होने की संभावना है। खास तौर पर सीमेंट की बड़े पैमाने पर फेक बिलिंग का मामला सामने आ रहा है, जिसमें इनपुट टैक्स क्रेडिट का गलत इस्तेमाल कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। कंपनी के विभिन्न कारोबारों में वित्तीय अनियमितताओं का गहरा शक जताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक DGGI या जीएसटी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कारोबार प्रभावित होने की आशंका इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारिक समुदाय में हड़कंप मचा हुआ है। अहमद कंपनी क्षेत्र में काफी प्रभावशाली मानी जाती है, जिसके कई प्रतिष्ठान विभिन्न जिलों में फैले हुए हैं। छापेमारी से कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। DGGI की यह टीम पटना से विशेष रूप से भेजी गई है, जो जीएसटी चोरी के बड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए सक्रिय है। बिहार में हाल के महीनों में ऐसी कई कार्रवाइयां हो चुकी हैं, लेकिन किशनगंज-बहादुरगंज जैसे सीमावर्ती इलाके में यह कार्रवाई काफी चर्चा में है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0