बिहार में पहली बार एशिया रग्बी चैंपियनशिप:राजगीर में 9, 10 अगस्त को खेला जाएगा मुकाबला; CM नीतीश ने शुभंकर, लोगो का अनावरण किया

Aug 2, 2025 - 00:30
 0  0
बिहार में पहली बार एशिया रग्बी चैंपियनशिप:राजगीर में 9, 10 अगस्त को खेला जाएगा मुकाबला; CM नीतीश ने शुभंकर, लोगो का अनावरण किया
बिहार के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्राचीन नगरी राजगीर में पहली बार 'एशिया रग्बी (अंडर-20) चैंपियनशिप-2025' का आयोजन होने जा रहा है, जिसकी औपचारिक शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रतियोगिता के शुभंकर 'अशोक' और लोगो के अनावरण के साथ हुई। मुख्यमंत्री निवास 'संकल्प' में आयोजित समारोह में नीतीश कुमार ने इस आयोजन को बिहार के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि बिहार पहली बार एशिया रग्बी चैंपियनशिप का आयोजन कर रहा है। बिहार के खिलाड़ी रग्बी में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।" मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह टूर्नामेंट न केवल बिहार की खेल संस्कृति को वैश्विक पटल पर ले जाएगा, बल्कि एशिया के रग्बी जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। 9 देशों की टीमें, राजगीर में होगा महाकुंभ 9 और 10 अगस्त 2025 को राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय के राजगीर परिसर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत सहित चीन, संयुक्त अरब अमीरात, हांगकांग, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया और नेपाल की कुल 9 टीमें भाग लेंगी। 8 पुरुष और 8 महिला टीमों के बीच होने वाली यह प्रतियोगिता एशिया के रग्बी जगत की सबसे प्रतिष्ठित घटनाओं में से एक है। विशेष बात यह है कि एशिया के 32 रग्बी खेलने वाले देशों में से केवल शीर्ष 8 रैंकिंग वाली टीमें ही इस चैंपियनशिप में भाग लेती हैं, जो इसकी महत्ता को रेखांकित करता है। 'अशोक' - इतिहास से प्रेरित आधुनिक शुभंकर प्रतियोगिता के शुभंकर 'अशोक' का नाम सम्राट अशोक से प्रेरित है, जो नेतृत्व, दूरदृष्टि और परिवर्तन का प्रतीक है। एक खरगोश के रूप में तेज, सतर्क और फुर्तीले रूप में रूपांकित अशोक रग्बी जैसे तेज गति के खेल के लिए आदर्श प्रतीक है। अशोक के कवच, शिरस्त्राण और ढाल उसकी तैयारी, आत्मबल और मानसिक दृढ़ता का प्रतीक हैं, जबकि हाथ में पकड़ा रग्बी बॉल यह संदेश देता है कि अब उसका युद्ध का मैदान खेल है जहां हर कदम पर साहस, दृढ़ता और रणनीति की जरूरत है। बिहार में रग्बी का बढ़ता कद रग्बी अब बिहार की 14 प्राथमिकता वाले खेलों में शामिल है और राज्य के खिलाड़ी इस खेल में लगातार नई ऊंचाइयां छू रहे हैं। हाल ही में नेशनल गेम्स में बिहार की महिला रग्बी टीम ने रजत पदक जीता है, जबकि स्कूल गेम्स में बालक और बालिका टीमों ने जूनियर, सब जूनियर और सीनियर वर्गों में चैंपियनशिप हासिल की है। राहुल बोस की सराहना कार्यक्रम के दौरान रग्बी इंडिया के अध्यक्ष और बॉलीवुड एक्टर राहुल बोस ने बिहार के रग्बी खेल में प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की ओर से खेल के क्षेत्र में की गई प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में बेहतर आधारभूत संरचना का निर्माण कराया गया है। 4.08 करोड़ की लागत से भव्य आयोजन इस महत्वाकांक्षी आयोजन के लिए राज्य मंत्रिपरिषद की ओर से 19 मार्च 2025 को 4.08 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। सभी टीमें राजगीर में ही ठहरेंगी, जिससे स्थानीय संस्कृति और रग्बी का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 7 अगस्त से टीमों का आगमन शुरू हो जाएगा और 8 अगस्त को राजगीर खेल परिसर के कबड्डी हॉल में भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। भविष्य की नई दिशा यह चैंपियनशिप बिहार के उभरते खिलाड़ियों को वैश्विक मंच प्रदान करेगी और रग्बी के प्रति युवाओं में उत्साह जगाएगी। राजगीर में होने वाला यह आयोजन बिहार की खेल यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगा, जो विश्व भर में राज्य की पहचान को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा समेत खेल विभाग के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News