बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए जाने के बाद भाजपा नेत्री और जमुई से उम्मीदवार श्रेयसी सिंह ने उन पर पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव को बधाई देते हुए सवाल उठाया कि 17 महीने के कार्यकाल में उन्होंने बिहार की जनता के लिए क्या किया था। विपक्ष द्वारा एनडीए के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर श्रेयसी सिंह ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एकजुट है और मजबूती से चुनाव लड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार आज भी मुख्यमंत्री हैं और कल भी वही रहेंगे, तथा बिहार में एनडीए की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत के बिहार में रोजगार की गंभीर स्थिति वाले बयान पर श्रेयसी सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार सृजन के लिए लगातार काम कर रही है। बिहार में लैंड बैंक पहले सात हजार था, जो अब बढ़कर 15 हजार हो गया है। सरकार उद्यमियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है। दस लाख सरकारी नौकरियां दी गईं उन्होंने रोजगार के आंकड़े भी साझा किए। वर्ष 2020 में दस लाख सरकारी नौकरियां दी गईं, जबकि 36 लाख लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला। अब सरकार का लक्ष्य एक करोड़ रोजगार देने का है।महागठबंधन द्वारा जीविका दीदियों को स्थायी नौकरी और 30 हजार मासिक वेतन देने के वादे पर श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार की महिलाएं अब जागरूक हैं और उन्हें कोई लुभा नहीं सकता। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण के लिए जितना काम किया है, उतना किसी ने नहीं किया।श्रेयसी सिंह ने ये बातें जमुई शहर के शाहपुर इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान कहीं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता अब नारों और वादों से भ्रमित नहीं होगी, बल्कि विकास और स्थिर नेतृत्व को चुनेगी। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को मतगणना के बाद बिहार में पुनः एनडीए की सरकार बनेगी।