भोजपुर में बच्चे को गोद में लिए महिला की हत्या:देवर के साथ डॉक्टर के पास गई थी, अपराधियों ने मारी गोली; बोगस वोटिंग के लेकर गांव में विवाद हुआ था
भोजपुर में मंगलवार को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोद में 9 महीना का बेटा था, डॉक्टर से दिखाकर बाइक से देवर के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से महिला की मौके पर मौत हो गई। फायरिंग के बीच देवर बाइक छोड़कर बच्चे को गोद में उठाकर भागा, किसी तरह से उसकी जान बची। मर्डर के बाद आसपास के गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पीरो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार सिंह और चौरी थानाध्यक्ष जयराम शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना चौरी थाना क्षेत्र के दुल्लमचक गांव की है। मृतका की पहचान दुल्लमचक गांव निवासी रोहित राय की पत्नी मिक्की देवी(24) के रूप में हुई है। मिक्की की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इससे आरा-सहार मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ग्रामीण अड़ गए। परिजनों का कहना है कि पहले फेज की वोटिंग (6 नवंबर) के दौरान बोगस वोट को लेकर गांव में विवाद हुआ था। इसी विवाद में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। घात लगाकर बगीचे में बैठे थे बदमाश मिक्की के पति रोहित ने बताया कि बताया मंगलवार की दोपहर पुत्र नैतिक और देवर रितेश राय के साथ दवा लेने खैरा बाजार गई थी। वापस लौटते समय गांव के बाहर सूर्य मंदिर के पास पहले से घात लगाकर बैठे हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली मेरी पत्नी के चेहरे पर लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस बीच बच्चे को गोद में उठाकर मेरा भागा वहां से भागा, बहुत मुश्किल से उसकी जान बची। 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग थी। उस दिन दो पक्षों के बीच राजनीतिक विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोपी पक्ष के लोग परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। उनलोगों ने मेरे भाई और पत्नी को जाते हुए देख लिया था। वापस लौटने का इंतजार कर रहे थे। गांव के बगीचे में घात लगाकर बैठे थे, पहुंचते ही फायरिंग करने लगे। वोट को लेकर दूसरे पक्ष से झगड़ा हुआ था। इसी विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस वहीं, पीरो एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मैं खुद मौके पर पहुंचा। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। केस दर्जकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में स्थित अभी शांतिपूर्ण है। मृतका की हत्या किसने और किस कारण से की है, यह कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। घटना की सूचना पर तरारी विधायक विशाल प्रशांत भी मौके पर पहुंचे। परिजनों से मामले की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। चुनाव के दिन विवाद हुआ था बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान भोजपुर के सातों सीट पर 6 नवंबर को हुआ था। धनछुहां पंचायत के दुल्लमचक गांव में वोगस वोट को लेकर शाम में महागठबंधन और भाजपा समर्थकों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया था। इसी विवाद में 7 नवंबर की सुबह गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में लिया। थाना लाने के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। रोड़ेबाजी भी को गई थी। जिसमें पुलिसकर्मी को भी चोटें आईं थी। पथराव में कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई। तनाव को देखते हुए गांव नें पुलिस कैंप कर रही थी। दूसरे चरण के मतदान को लेकर जैसे ही पुलिस बल वहां से हटी। इसी बीच हथियारबंद बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। मिक्की की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। पति मार्केटिंग का काम करता है। 9 महीने का एक बच्चा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0