किशनगंज के दिघलबैंक प्रखंड के धनतोला पंचायत के धनतोला मुलाबारी गांव में बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पोखर में नहाने गए 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पोखर में नहाने गया था आशीष मृतक की पहचान आशीष कुमार गणेश, पिता कृष्णा गणेश निवासी धनतोला मुलाबारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आशीष बुधवार दोपहर लगभग 3 बजे अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित पोखर में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों को नहीं लगी भनक बताया जा रहा है कि आशीष के साथ नहाने गए अन्य बच्चे पहले ही पोखर से बाहर निकलकर अपने घर चले गए थे। किसी को यह अहसास नहीं हुआ कि आशीष पानी में फंसा हुआ है। देर शाम जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों और मछुआरों ने चलाया खोज अभियान परिजनों ने पहले आसपास के बच्चों से पूछताछ की। बच्चों ने बताया कि आशीष पोखर में नहाने गया था और उसके बाद नहीं दिखा। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। उन्होंने स्थानीय मछुआरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया। खोज के दौरान एसएसबी जवानों और दिघलबैंक थाना पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। कई घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार पोखर से बच्चे का शव बरामद किया गया। गांव में छाया मातम आशीष की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि आशीष एक होनहार और शांत स्वभाव का लड़का था, जो पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की जानकारी मिलते ही दिघलबैंक थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने की पोखर की सुरक्षा की मांग इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पोखर के चारों ओर सुरक्षा घेरे या चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। ग्रामीणों का कहना है कि इस पोखर में पहले भी बच्चे डूब चुके हैं, लेकिन अभी तक सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं।