सीवान में दुकान पर किशोर पर चाकू से हमला:बाइक सवार बदमाश फरार, हालत गंभीर पटना रेफर, स्माइक नशे की रंजिश की आशंका
सीवान के एम एच नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रजनपुरा से रविवार को एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां फ़ास्ट फूड की दुकान पर बैठे एक किशोर पर बाइक से पहुंचे दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सदर अस्पताल और फिर हालत नाजुक देखते हुए पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे। हमलावर बाइक पर बैठकर फरार हुआ
घायल की पहचान एम एच नगर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी मोहम्मद असलम के 16 वर्षीय पुत्र इरशाद अहमद के रूप में हुई है। चश्मदीदों के अनुसार इरशाद अपने दोस्त के साथ मेडिकल दुकान से लौटकर रजनपुरा की एक फास्ट फूड दुकान पर रुका था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाहर बाइक के पास खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर गया और अचानक हमला कर दिया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे और हमलावर बाइक पर बैठकर फरार हो गया। हमलावर नशे की हालत में था
स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावर नशे की हालत में था और स्माइक जैसे खतरनाक नशे का आदी बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले इरशाद ने गांव के स्कूल के पास नशा कर रहे युवकों को वहां से हटने को कहा था। माना जा रहा है कि इसी बात की रंजिश में यह हमला किया गया। यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि जिले में तेजी से फैल रहे स्माइक नशे और उससे जुड़े संगठित अपराध की गंभीर चेतावनी है। अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ी
सीवान में बीते कुछ महीनों में स्माइक के नशे में लिप्त युवकों द्वारा गैंग बनाकर अपराध करने की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास नशे का खुलेआम कारोबार, चाकूबाजी, लूट और धमकी जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, नतीजतन अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। एम एच नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल का बयान दर्ज किया जा रहा है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गैंग गतिविधियों की शिकायतें पहले से थीं
हालांकि सवाल यह है कि जब नशे और गैंग गतिविधियों की शिकायतें पहले से थीं, तो रोकथाम के ठोस इंतजाम क्यों नहीं हुए? रजनपुरा की यह घटना पुलिस की निष्क्रियता पर बड़ा सवाल खड़ा करती है और मांग करती है कि स्माइक के खिलाफ तत्काल, सख्त और निरंतर कार्रवाई की जाए, ताकि जिले के युवाओं को इस जहर से बचाया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0