पूर्णिया में वन-पर्यावरण मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी पहुंचे:केंद्रीय बजट को बताया बिहार के लिए विकास का रोडमैप, बोले- मखाना बोर्ड से बदलेगा भविष्य
बिहार सरकार के सहकारिता, वन और पर्यावरण मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी आज पूर्णिया पहुंचे। केंद्रीय बजट को लेकर प्रेसवार्ता बुलाई और इसे बिहार के लिए विकास का रोडमैप बताया। कहा कि ये बजट राज्य के आर्थिक, औद्योगिक और पर्यावरणीय भविष्य को मजबूत करेगा। ये बजट बिहार के लिए वरदान साबित होगा। इस दौरान ट्री मैन के नाम से मशहूर श्रीनिवास गौतम ने मंत्री से मुलाकात की। पर्यावरण मुद्दों पर अपनी बात रखी। मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बजट में बिहार को विशेष प्राथमिकता दी है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों को मजबूती देने के लिए किए गए प्रावधान सीधे तौर पर राज्य की जनता को लाभ पहुंचाएंगे। किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूर वर्ग के लिए यह बजट नई उम्मीद लेकर आया है। पटना और बनारस में प्रस्तावित विमान मेंटेनेंस सेंटर को बिहार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे राज्य तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा और हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही बिहार में निवेश का माहौल भी और बेहतर होगा। सौर ऊर्जा से जुड़ी योजना भविष्य के लिए अहम वन और पर्यावरण मंत्री के रूप में उन्होंने सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं को भविष्य के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने की योजना से बिजली पर निर्भरता घटेगी और बिहार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। इससे राज्य शून्य उत्सर्जन लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाएगा। टेक्सटाइल सेक्टर पर बजट की घोषणाओं को लेकर मंत्री ने कहा कि अब एक ही परिसर में धागा तैयार होने से लेकर कपड़ा निर्माण तक की सुविधा होगी। इससे उत्पादन लागत घटेगी और भारत के साथ-साथ बिहार के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। जैविक खेती और पशुपालन को लेकर किए गए प्रावधानों पर मंत्री ने कहा कि अगले पांच साल में करोड़ों किसानों और ग्रामीण परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। मखाना बोर्ड के गठन पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि इससे कोसी और पूर्णिया क्षेत्र के किसानों को बड़ा फायदा होगा। मखाना को वैश्विक पहचान मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग और बढ़ेगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। प्रेस वार्ता के दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार दोनों विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। केंद्रीय बजट 2026 बिहार के लिए सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक समृद्धि की ठोस नींव है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0