सहरसा बीज वितरण, फसल आच्छादन में राज्य में अव्वल:डीएम की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की मीटिंग में रिव्यु
सहरसा जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। इसमें बताया गया कि बीज वितरण और फसल आच्छादन में सहरसा जिला राज्य में पहले स्थान पर रहा है। जिलाधिकारी ने विभाग के प्रयासों की सराहना की। जिला कृषि पदाधिकारी संजय कुमार ने जानकारी दी कि रबी मौसम में गेहूं, चना, मसूर, मटर, सरसों, तीसी, स्वीट कॉर्न और बेबी कॉर्न सहित आठ प्रकार के बीजों का कुल लक्ष्य 11168.54 क्विंटल था। इसके विरुद्ध 11167.98 क्विंटल बीज किसानों को वितरित किया गया। शत-प्रतिशत बीज वितरण के साथ सहरसा जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा। वहीं, रबी फसलों का कुल लक्ष्य 84017.68 हेक्टेयर के विरुद्ध शत-प्रतिशत आच्छादन भी प्राप्त कर लिया गया है। किसानों को उचित दर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया उर्वरक की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि जिले में वर्तमान में 1,27,438 बैग यूरिया, 1,02,492 बैग डीएपी, 23,425 बैग एमओपी, 1,10,042 बैग एनपीके और 13,663 बैग एसएसपी उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने उर्वरक के भंडारण, वितरण और बिक्री की नियमित जांच कर किसानों को उचित दर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में नारियल, आम, केला और फूल फसलों के लक्ष्य प्राप्त कर लिए गए हैं। हालांकि, प्रखंड उद्यान पदाधिकारियों की उपस्थिति को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी बीडीओ को उपस्थिति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। अनुपस्थिति की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किए आत्मा परियोजना, कृषि विज्ञान केंद्र, लघु सिंचाई, सिंचाई प्रमंडल और सहकारिता विभाग की भी समीक्षा की गई। पशुपालन विभाग द्वारा टीकाकरण और ईयर टैगिंग में शत-प्रतिशत उपलब्धि की जानकारी दी गई। वहीं, पशु चिकित्सकों की अनुपस्थिति की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किए। उद्योग विभाग, मापतौल, विद्युत और कृषि कनेक्शन की प्रगति पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0