भास्कर न्यूज|मधुबनी रहिका प्रखंड के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, लक्ष्मीसागर मुसहरी में पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, शिक्षकगण, वार्ड पार्षद विनय राय, माता समिति के सदस्य एवं इको क्लब के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात द्वारा संचालित शिक्षा केंद्र तथा प्राथमिक विद्यालय, लक्ष्मीसागर के बच्चो द्वारा रैली एवं इको क्लब के सदस्यों ने पौधारोपण कर किया। प्रभात के निदेशक फादर सेबास्टियन ने उपस्थित लोगों एवं अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम के उद्देश्य को बताया। उन्होंने उपस्थित लोगों से वर्तमान में पर्यावरण की स्थिति के बारे में बताते हुए कहा कि एक समय हमलोगों का क्षेत्र वर्षा और बाढ़ के लिए जाना जाता था। कभी भी हमारे क्षेत्र में पानी की समस्या नहीं थी परंतु बीते सात आठ वर्षों से कम बारिश होने के कारण गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है और जल का स्तर काफी नीचे चला गया है जिससे पीने के पानी की भी समस्या हो रही है। कही अधिक वर्षा के कारण बाढ़ तो कही वर्षा न होने कारण सुखाड़। इसका मुख्य कारण बेतहाशा पेड़ों की कटाई है। इसलिए आज संकल्प ले कि प्रत्येक परिवार कम से कम पांच पौधा लगाएंगे और उसका संरक्षण भी करेंगे तभी पर्यावरण का संतुलन बना रहेगा। इस कार्यक्रम में इको क्लब के सदस्यों ने पर्यावरण से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को जागरूक किया।