अरवल के कुर्था विधानसभा क्षेत्र के करपी एवं बंसी प्रखंड के कई गांवों में मंगलवार को जदयू नेता यश वर्मा उर्फ उत्तम कुशवाहा ने महिलाओं के बीच सघन जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं की सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर उत्तम कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की है। इसके तहत महिलाओं को ₹10 हजार से लेकर ₹2 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की है। अब सेविकाओं को प्रतिमाह ₹9,000 और सहायिकाओं को प्रतिमाह ₹4,500 मानदेय दिया जाएगा। नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प जदयू नेता ने ग्रामीण महिलाओं से बातचीत करते हुए कहा, “कुर्था विधानसभा की महिलाएं अब एकजुट होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दोबारा सत्ता में लाने के लिए तैयार हैं। इस बार विधानसभा क्षेत्र में बदलाव होगा और नीतीश कुमार का सिपाही सदन में होगा।” ग्रामीणों की बड़ी उपस्थिति अभियान के दौरान गांव की महिलाओं ने योजनाओं की जानकारी को ध्यान से सुना और कई ने मौके पर ही सवाल भी किए। जदयू कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी और कहा कि पार्टी की प्राथमिकता यही है कि हर पात्र महिला तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इस मौके पर बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने जदयू नेता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पहली बार योजनाओं की इतनी स्पष्ट जानकारी दी गई है।