बेगूसराय में गंगा का लेवल लगातार बढ़ रहा है। जिले के सात ब्लॉक बाढ़ से प्रभावित हैं। नदी सड़क पर बह रही है। शाम्हो प्रखंड का बेगूसराय, लखीसराय और मुंगेर से सड़क संपर्क टूट गया है। इस सीजन में पांचवीं बार गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 1 मीटर ऊपर चला गया है। बछवाड़ा प्रखंड के चमथा दियारा की सड़कों पर एक बार फिर पानी आने लगा है, तो दूसरी ओर मटिहानी का दियारा क्षेत्र भी डूबने लगा है। सरकारी नाव की व्यवस्था नहीं सबसे खराब स्थिति बलिया के दियारा क्षेत्र और शाम्हो प्रखंड की है। शाम्हो प्रखंड के तीनों पंचायत के लोगों का सड़क मार्ग से बेगूसराय आने का एकमात्र साधन शाम्हो-सूर्यगढ़ा सड़क है, लेकिन इस मार्ग पर पानी आ गया है। अभी सरकारी नाव की भी व्यवस्था नहीं है। मजबूरी में लोग निजी नाव से जा रहे हैं या खतरा से खेलते हुए पानी भरे सड़क को पारकर सूर्यगढ़ा पहुंच रहे हैं। जहां से लखीसराय या मुंगेर होते हुए अपने जिला मुख्यालय बेगूसराय सहित अन्य जगहों पर जा रहे हैं। बाढ़ के पानी से बढ़ी लोगों की परेशानी बलिया ब्लॉक के शिवनगर और मीरअलीपुर गांवों में सिर्फ सड़कों पर ही पानी की धार नहीं चल रही है। बल्कि घर और स्कूल पानी में डूब गए हैं। जिसके कारण बच्चों ने स्कूल आना बंद कर दिया है। शिक्षक मजबूरी में किसी तरह से स्कूल जा रहे हैं। पांचवीं बार आए बाढ़ के कारण लोग परेशान हैं। जलस्तर बढ़ने की स्थिति यही रही तो एक बार फिर साहेबपुर कमाल, बरौनी, तेघड़ा और बेगूसराय नगर निगम के इलाके भी प्रभावित हो जाएंगे। जिसके कारण लोगों में दशरथ का माहौल है। जलस्तर बढ़ने के कारण सबसे अधिक परेशानी पशुपालक, बीमार और बच्चों को हो रही है।