बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र के कोल बुजुर्ग गांव में गुरुवार को अवैध संबंध के शक में पति ने अपनी 55 साल की पत्नी की गड़ासा से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान खुर्दकोल निवासी अनिल राम की पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। बुधवार देर रात जब सभी बेटे अपने-अपने कमरे में सोए थे, तभी गुड़िया देवी की चीख सुनाई दी। दरवाजा खोलकर देखा तो पिता अनिल राम खून से सना गड़ासा लेकर भाग रहा था। आनन-फानन में परिजन महिला को रेफरल अस्पताल अमरपुर ले गए, जहां डॉक्टर दिवाकर सिंह ने मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा अस्पताल कर्मियों की सूचना पर अमरपुर थाना से दारोगा मुकेश कुमार और संजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। अलग रह रहा था पति, चरित्र पर करता था शक ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पति अनिल राम पहले कोलकाता में रहकर मजदूरी करता था। करीब एक साल पहले वह गांव लौटा और पिछले दो महीने से पत्नी से अलग रह रहा था। इसी दौरान पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया। देर रात इसी शक ने खून-खराबे का रूप ले लिया। चार बेटों और एक बेटी की मां थीं गुड़िया देवी गुड़िया देवी चार पुत्र और एक पुत्री की मां थीं। इनमें से दो बेटों की शादी हो चुकी है। उनकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस कर रही जांच थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों का बयान दर्ज कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।मृतका के पुत्र अनंत कुमार ने कहा कि पिछले दो माह से पिता लगातार विवाद कर रहे थे और अंततः उसी के चलते यह घटना हुई।