नवादा में राष्ट्रीय महिला आयोग की सुनवाई:आपके द्वार कार्यक्रम में 23 मामले दर्ज, 6 को मौके पर निपटाया
राष्ट्रीय महिला आयोग ने नवादा में 'आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत महिला सुनवाई का आयोजन किया। नई दिल्ली से माननीय सदस्य ममता कुमारी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम डीआरडीए सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को सीधे सुनना, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न व पारिवारिक विवाद के मामले आए सुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीड़न और संपत्ति संबंधी विवाद जैसे कई मामले सामने आए। माननीय सदस्य ममता कुमारी ने उपस्थित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों तथा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 'आपके द्वार' कार्यक्रम के माध्यम से आयोग स्वयं महिलाओं तक पहुंचकर न्याय सुनिश्चित करने का निरंतर प्रयास कर रहा है। अन्याय या उत्पीड़न के विरुद्ध महिला आयोग से करें संपर्क सुनवाई के दौरान कुल 23 मामले प्राप्त हुए। इनमें से 05 मामलों में परिवादी अनुपस्थित पाए गए, जबकि 06 मामलों की सुनवाई कर मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष मामलों पर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया है और अनुसरण की प्रक्रिया जारी है। कार्यक्रम में महिलाओं को कानूनी सहायता, परामर्श सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। आयोग की सदस्य ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के अन्याय या उत्पीड़न के विरुद्ध बिना भय के आगे आएं और राष्ट्रीय महिला आयोग से संपर्क करें। उन्होंने जोर दिया कि समाज में महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें न्याय दिलाना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नवादा अभिनव धीमान, उप विकास आयुक्त नीलिमा साहु, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय निशु मल्लिक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस निरूपमा शंकर, लीगल एक्सपर्ट, प्रशासनिक पदाधिकारी, महिला संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएँ उपस्थित थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0