गयाजी कॉलेज में ABVP दक्षिण बिहार का 67वां प्रांतीय अधिवेशन:समाज से जुड़े अहम मुद्दों पर होगा गंभीर मंथन, बिहार के भविष्य का तैयार होगा रोडमैप

Dec 19, 2025 - 19:30
 0  0
गयाजी कॉलेज में ABVP दक्षिण बिहार का 67वां प्रांतीय अधिवेशन:समाज से जुड़े अहम मुद्दों पर होगा गंभीर मंथन, बिहार के भविष्य का तैयार होगा रोडमैप
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दक्षिण बिहार का 67वां प्रांतीय अधिवेशन 28 से 31 दिसंबर 2025 तक गया कॉलेज गया जी में आयोजित होगा। अधिवेशन के सफल आयोजन की मंशा के साथ शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही चार दिवसीय महाअधिवेशन की तैयारियों ने औपचारिक रूप से रफ्तार पकड़ ली है। भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ अभाविप के पूर्व कार्यकर्ता और बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार व अभाविप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ. याज्ञवल्क्य शुक्ल ने संयुक्त रूप से किया। पूरे परिसर में धार्मिक वातावरण, संगठनात्मक अनुशासन और उत्साह साफ नजर आया। भूमि पूजन के बाद अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने अधिवेशन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अभाविप से जुड़ा हर कार्यकर्ता किसी न किसी कालखंड में संगठन की तपस्या से गुजरता है। संगठन से मिली राष्ट्रभक्ति, सेवा और मानवीय संवेदना जीवनभर साथ रहती है। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन केवल बैठक नहीं, बल्कि दिशा तय करने का मंच है। विभिन्न जिलों से आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत, ठहराव और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए। सभी कार्यकर्ता अभी से पूरी निष्ठा के साथ जुट जाएं। क्षेत्रीय संगठन मंत्री बोले- विकसित बिहार से विकसित भारत में युवाओं की भूमिका पर चर्चा क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ. याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि अधिवेशन में वर्तमान दौर में युवाओं और समाज से जुड़े अहम मुद्दों पर गंभीर मंथन होगा। विकसित बिहार से विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की भूमिका क्या हो, बिहार का भविष्य कैसा हो—इन विषयों पर ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा, कई प्रस्ताव भी पारित होंगे। ताकि राज्य मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बन सके। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रियंका तिवारी ने बताया कि अधिवेशन के दौरान एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों में अभाविप द्वारा विद्यार्थी हित, समाज हित और राष्ट्र हित में किए गए कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. नंद कुमार त्रियार, क्षेत्रीय सदस्य प्रतिभा मिश्रा, प्रांत छात्रा सह-प्रमुख प्रिया सिंह, प्रांत संगठन मंत्री दिनेश जी, जिला संयोजक धीरज केशरी, महानगर अध्यक्ष डॉ. प्रियंका राय, महानगर मंत्री आदित्य मिश्रा, गया विभाग संगठन मंत्री मोहित, शशांक मिश्रा समेत बड़ी संख्या में वर्तमान और पूर्व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भूमि पूजन में मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव, गया कॉलेज सहित विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, सीनेट सदस्य और अभाविप के पूर्व पूर्णकालिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए। आयोजन को लेकर गया कॉलेज परिसर में जोश व संगठनात्मक ऊर्जा साफ दिखाई दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News