गयाजी के गुरुकुल में राजीव दीक्षित की पुण्यतिथि मनाई:सनातन और स्वदेशी पर हुई चर्चा, चिकित्सा शिविर लगाया, आयुर्वेदिक उपचार पद्धति की जानकारी भी दी

Dec 1, 2025 - 14:30
 0  0
गयाजी के गुरुकुल में राजीव दीक्षित की पुण्यतिथि मनाई:सनातन और स्वदेशी पर हुई चर्चा, चिकित्सा शिविर लगाया, आयुर्वेदिक उपचार पद्धति की जानकारी भी दी
गयाजी जिले के शेरघाटी उच्चरिमा गांव स्थित गुरुकुल संस्कृत विद्यालय में स्वदेशी विचारक राजीव दीक्षित की पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान स्वदेशी और सनातन की भावना पर चर्चा की गई। गुरुकुल परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन, चर्चा और चिकित्सा शिविर चलता रहा। शुरुआत दीक्षित के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। लोगों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि देसी ज्ञान, देसी जीवन और आत्मनिर्भर भारत के उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। यही नहीं प्रासंगिकता बढ़ती ही जा रही है। समारोह में पहुंचे प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विजय करण ने कहा कि राजीव दीक्षित ने हमेशा स्वदेशी वस्तुओं और आयुर्वेद को अपनाने की वकालत की। उनका मानना था कि चिकित्सा और जीवन दोनों में स्वदेशी ही सबसे बेहतर रास्ता है। डॉ. करण ने बताया कि उनके प्रेरणादायी संदेशों को जन-जन तक ले जाना आज की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजीव दीक्षित नहीं रहे, लेकिन उनका मिशन पूर्णत जीवंत है। हम सभी इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी उद्देश्य यहां जुटे हैं। 'सनातन परंपरा से लोगों का लगाव कम होता जा रहा है' कार्यक्रम में शामिल लेडी एल्गिन एएनएम की भूतपूर्व प्राचार्य रितु कुमारी सिन्हा ने गुरुकुल शिक्षा पद्धति को मूल भारतीय पहचान बताते हुए कहा कि सनातन परंपरा से लोगों का लगाव कम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक दौर था जब सरकारें भी वैदिक शिक्षा पर जोर देती थीं। आज जरूरत है कि उसी परंपरा को फिर मजबूत किया जाए। उन्होंने डीएम गयाजी से गुरुकुल को वित्तीय सहयोग देने की अपील की, ताकि वैदिक शिक्षा और परंपरा जिंदा रह सके। पूरे कार्यक्रम में स्वदेशी अपनाने, भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने और जीवन में अध्यात्म को शामिल करने पर जोर दिया गया। चिकित्सा शिविर में ग्रामीणों की हेल्थ जांच के साथ आयुर्वेदिक उपचार पद्धति की जानकारी भी दी गई। गुरुकुल परिसर पूरे दिन भक्ति, संस्कृति और स्वदेशी विचारों की ऊर्जा से भरा रहा। एकल स्कूल की महिलाओं ने भजन कीर्तन से गांव की आबोहवा भक्तिमय हो गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News