औरंगाबाद में बोलेरो ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरा गांव निवासी सुदर्शन चंद्रवंशी के बेटे अमन कुमार और लालमोहन यादव के बेटे दीपक कुमार के रूप में की गई। घटना के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने जानकारी अंबा थाना की पुलिस को दी। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को ऑटो से औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजवाया। घायलों की पहचान होने के बाद पुलिस घटना की जानकारी परिजन को दी। परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और उनके इलाज की प्रक्रिया में जुट गए। अस्पताल पहुंचे अमन के परिजन ने बताया कि दोनों युवक आपस में दोस्त हैं। घटना अंबा थाना क्षेत्र के संडा बालूगंज रोड स्थित झखरी गांव पास की है। बुआ के घर से लौट रहे थे परिजन बताते हैं कि दोनों सोमवार को घर से कॉलेज जाने की बात कह कर निकले थे। इसके बाद बिना किसी को कुछ बताएं दीपक बुआ के घर बालूगंज चले गए। लौटने के दौरान हादसा हो गया। घटना के बाद बोलेरो चालक अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गए। फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती कर दोनों घायलों का इलाज किया जा रहा है। अमन की स्थिति गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल भेजवा दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। धक्का मार कर भागने वाले बोलेरो और उसके चालक का पता लगाया जा रहा है।