32 लाख पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का कराया जायेगा सेवन : डीएम
बेगूसराय. कारगिल भवन में जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में जिला समन्वय समिति की बैठक डीएम श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की तैयारियों, कार्ययोजना एवं अंतरविभागीय समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक में सिविल सर्जन बेगूसराय द्वारा जानकारी दी गयी कि जिले को फाइलेरिया जैसी गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारी से मुक्त करने के उद्देश्य से 10 फरवरी से 27 फरवरी तक एमडीए कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. इस महाअभियान के अंतर्गत जिले के लगभग 32 लाख पात्र व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि यह अभियान कुल 17 कार्य दिवसों तक संचालित होगा. जिसमें पहले 14 दिनों के दौरान आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर अपने सामने पात्र व्यक्तियों को दवा का सेवन करायेगी, जबकि अंतिम तीन दिनों में विद्यालयों, कार्यालयों एवं अन्य संस्थानों में बूथ स्थापित कर दवा खिलाई जायेगी. अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिये जिले में 1882 दवा प्रशासक दलों तथा 188 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गयी है. कार्यक्रम के अंतर्गत दो वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवाएं दी जाएगी, जबकि गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को इस अभियान से अलग रखा गया है. दवा के रूप में डीइसी, एल्बेंडाजोल एवं आइवरमेक्टिन का सेवन कराया जायेगा. जिसमें एल्बेंडाजोल की एक गोली, आयु के अनुसार डीइसी तथा ऊंचाई के अनुसार आइवरमेक्टिन की खुराक निर्धारित की गयी है. यह स्पष्ट किया गया है कि किसी भी व्यक्ति को खाली पेट दवा का सेवन नहीं करना है तथा विद्यालयों में बच्चों को मध्याह्न भोजन के उपरांत ही दवा दी जायेगी. दवा सेवन के उपरांत संभावित सामान्य दुष्प्रभाव जैसे सिरदर्द या चक्कर आने की स्थिति से निपटने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके. अभियान की व्यापक सफलता सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, जीविका, आइसीडीएस एवं नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया है. मौके पर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को दवा का सेवन कराना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो. जिला पदाधिकारी ने आमजनों से अपील की है कि जन-जन का है एक ही नारा, फाइलेरिया मुक्त हो बेगूसराय हमारा के संकल्प के साथ सभी नागरिक इस महाअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं. बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, नगर आयुक्त बेगूसराय, सिविल सर्जन बेगूसराय समेत अन्य मौजूद थे.
The post 32 लाख पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का कराया जायेगा सेवन : डीएम appeared first on Prabhat Khabar.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0