वाराणसी से पटना का सफर सिर्फ एक घंटे में! बिहार को पहली बुलेट ट्रेन की सौगात, सिलीगुड़ी तक जाएगी
पटना: बिहार को एक बड़ी रेलवे सौगात मिलने जा रही है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि बिहार में पहली बुलेट ट्रेन जल्द ही चलने वाली है. यह हाई-स्पीड ट्रेन वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक दौड़ेगी, जिससे पूर्वोत्तर और बिहार के बीच कनेक्टिविटी में भारी सुधार होगा. रेल मंत्री ने कहा है कि यह ट्रेन बिहार के लिए एक “गेम-चेंजर” साबित होगी और राज्य की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में मदद करेगी. इस हाई-स्पीड कॉरिडोर के बनने से यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा. अतः वाराणसी से सिलीगुड़ी तक की दूरी अब लगभग 2 घंटे 55 मिनट में तय हो सकेगी, जो सामान्य ट्रेनों की तुलना में बहुत तेज है. यह परियोजना रेल बजट 2026-27 के तहत प्रस्तावित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोरों में से एक है, और इसके निर्माण के लिए करोड़ों रुपये का निवेश प्रस्तावित किया गया है. इसके अलावा यह कॉरिडोर बिहार के कई प्रमुख शहरों- जैसे बक्सर, आरा, पटना, कटिहार और किशनगंज से होकर गुजरेगा, जिससे राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति को भी बल मिलेगा. रेल मंत्री का मानना है कि बिहार से गुजरने वाली यह बुलेट ट्रेन न केवल यात्रियों के लिए समय बचाएगी, बल्कि व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी. इस तकनीकी बदलाव से भविष्य में राज्य में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को और विस्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0