बिरसा मुंडा जयंती पर मारवाड़ी कॉलेज में सेमिनार:जनजातीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम पर हुई चर्चा

Dec 20, 2025 - 01:30
 0  0
बिरसा मुंडा जयंती पर मारवाड़ी कॉलेज में सेमिनार:जनजातीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम पर हुई चर्चा
भागलपुर में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मारवाड़ी महाविद्यालय के इतिहास विभाग ने एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार का विषय 'जनजातीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक: बिरसा मुंडा' था। इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि सेमिनार का उद्देश्य राष्ट्रीय आंदोलन में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और आदिवासी समाज को जागरूक बनाने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डालना था। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार झा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डाला और उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी। मुख्य वक्ता टी.एन.बी. कॉलेज के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. रविशंकर चौधरी ने बिरसा मुंडा के जीवन-वृत्त और कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मात्र 25 वर्ष की आयु में झारखंड के उलिहातू गांव का यह बालक औपनिवेशिक शोषण के विरुद्ध जन-प्रतिरोध का महानायक बन गया। डॉ. चौधरी ने बताया कि जब ब्रिटिश अधिकारी और स्थानीय जमींदार जनजातीय समाज का शोषण कर रहे थे, तब बिरसा मुंडा ने सामाजिक और आर्थिक अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। उन्होंने लोगों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया। 'धरती आबा' के रूप में सम्मानित बिरसा मुंडा ने 1890 के दशक में ब्रिटिश उत्पीड़न के विरुद्ध 'उलगुलान' (मुंडा विद्रोह) का नेतृत्व किया। सेमिनार को संबोधित करते हुए हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रजभूषण तिवारी ने कहा कि वर्ष 2021 में भारत सरकार द्वारा 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाने का निर्णय एक सराहनीय पहल है। छात्र प्रतिनिधि हृषिकेश प्रकाश ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनका संघर्ष युवाओं को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और सामाजिक चेतना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों में इतिहासबोध और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने वाला बताया। धन्यवाद ज्ञापन इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक अक्षय रंजन द्वारा किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News