दरभंगा में 75 साल के बुजुर्ग की हत्या:बदमाशों ने सिर पर चाकू-ईंट से किया हमला, घर के दरवाजे पर सो रहे थे

Dec 16, 2025 - 20:30
 0  0
दरभंगा में 75 साल के बुजुर्ग की हत्या:बदमाशों ने सिर पर चाकू-ईंट से किया हमला, घर के दरवाजे पर सो रहे थे
दरभंगा के सोनकी थाना क्षेत्र के चिकनी गांव में बदमाशों ने 75 साल के बुजुर्ग बिहारी मंडल की हत्या कर दी। मृतक के सिर पर चाकू और ईंट जैसे धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बिहारी मंडल रोज़ की तरह रात में घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने दरवाजे (दलान) पर सोए हुए थे। वे स्थायी रूप से वहीं रहते थे और घर जाकर भोजन करने के बाद उसी स्थान पर आराम करते थे। मंगलवार सुबह जब वे नाश्ता करने घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान उनका शव बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही सोनकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। किसी पुराने विवाद की बात नहीं आई सामने मृतक के भतीजे इंद्रजीत मंडल ने बताया कि घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर मशहूर एक रिजॉर्ट स्थित है,जहां आसपास अक्सर नशेड़ियों का आना-जाना रहता है। परिजनों को आशंका है कि किसी नशेड़ी या असामाजिक तत्व ने इस वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि उन्होंने किसी पर सीधा संदेह नहीं जताया है और न ही किसी पुराने विवाद या धार्मिक कारण की बात सामने आई है। इंद्रजीत मंडल ने कहा कि उनके चाचा मवेशियों की देखरेख का काम करते थे। उनके चार बच्चे हैं- दो बेटे और दो बेटियां है। सभी की शादी हो चुकी है। परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। सोनकी थानाध्यक्ष प्रताप कुमार सिंह का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News