मधुबनी के पंडौल उच्च विद्यालय के मैदान में शनिवार को जिलास्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता 2025 का आगाज हुआ। यह प्रतियोगिता 6 से 9 सितंबर तक चलेगी। जिला पदाधिकारी, खेल पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मशाल जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। स्थानीय कलाकारों ने खेल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स जैसे खेल शामिल हैं। जिले भर से आए सैकड़ों खिलाड़ी इनमें हिस्सा लेंगे। खेलों के साथ मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर मतदाता शपथ का आयोजन किया गया। युवाओं और महिलाओं ने बड़ी संख्या में इसमें भाग लिया। सभी ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने और मतदान के अधिकार का सही उपयोग करने का संकल्प लिया। आयोजन में मतदाता जागरूकता पर आधारित सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। रंग-बिरंगे गुब्बारों से इसे सजाया गया है। लोग यहां तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय की इस पहल का उद्देश्य खेल और मतदान के जरिए युवाओं को जागरूक करना है। प्रतियोगिता की थीम "खेलेगा मधुबनी, वोट करेगा मधुबनी" रखी गई है। वक्ताओं ने कहा कि खेल में जोश और मतदान में होश से ही सशक्त लोकतंत्र की नींव रखी जा सकती है।