शेखपुरा में सोमवार को शेखोपुर सराय थाना क्षेत्र में बरबीघा-वारिसलीगंज मुख्य सड़क मार्ग पर डोबा डीह गांव के पास एक बेकाबू कार और पावर टीलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पावर टीलर चला रहे 52 वर्षीय किसान पप्पू कुमार और उनकी पत्नी शोभा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त यह घटना उस समय हुई जब दंपत्ति खेत की जुताई कर पावर टीलर से अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के तुरंत बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल दंपत्ति को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उनकी पहचान डोबाडीह गांव निवासी केदार महतो के पुत्र पप्पू कुमार और उनकी पत्नी शोभा देवी के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हाई स्पीड़ के चलते हादसा सूचना मिलते ही स्थानीय थाना के एएसआई नागेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। एएसआई नागेंद्र कुमार ने बताया कि तेज गति से आ रही कार ने पावर टीलर में टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।