मुजफ्फरपुर में सातवां नव दुर्गा शक्ति सम्मान:अलग-अलग एरिया में योगदान के लिए 9 महिलाओं को सम्मान, संयोजक बोले- नारी शक्ति हर मोर्चे पर निर्णायक
नवरात्र पर मुजफ्फरपुर में मां दुर्गा की भक्ति और शक्ति का माहौल है। इसी बीच मुजफ्फरपुर के हरिसभा दुर्गा पूजा मंडप ने मंगलवार को 9 महिलाओं को उनके समाज में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। सम्मान समारोह का आयोजन मिशन भारती रिसर्च इन्फॉर्मेशन सेंटर और बिहार गुरु की ओर से किया गया था। बताया गया कि पिछले 7 साल से महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। डॉ. चंचला कुमारी को शिक्षा और रिसर्च क्षेत्र में, डॉ. कुमारी वंदना को समाजसेवा और महिला उत्थान कार्यों में सक्रियता, शिउली भट्टाचार्य को संस्कृति और कला के क्षेत्र में योगदान, प्रीती कश्यप को सामाजिक जागरूकता अभियानों की अगुवायी, डॉ. रंजना भारती को स्वास्थ्य और शिक्षा में कार्यरत, डॉ. मिनाक्षी को मेडिकल और सेवा क्षेत्र में योगदान, डॉ. प्रज्ञा कुमारी को युवा पीढ़ी को प्रेरित करने वाली शिक्षाविद, पूनम वर्मा को ग्रामीण विकास और महिला समूहों की अगुवायी, साक्षी को समाज सुधार और जनहित कार्यों में सक्रियता के लिए सम्मानित किया गया। चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय पंकज ने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल नारा नहीं, बल्कि समाज के विकास का मूल मंत्र है। यह सम्मान उन वीरांगनाओं का अभिनंदन है जिनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए दीपस्तंभ बनेंगी। संयोजक बोले- नारी शक्ति हर मोर्चे पर निर्णायक है वहीं, चयन समिति के संयोजक डॉ. अविनाश तिरंगा उर्फ ऑक्सीजन बाबा ने कहा कि नव दुर्गा शक्ति सम्मान का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देना ही नहीं, बल्कि यह संदेश देना है कि नारी शक्ति हर मोर्चे पर निर्णायक है। यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। महासचिव मुकेश त्रिपाठी ने कहा कि नारी केवल घर की धुरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की आत्मा है। जब उन्हें अवसर और पहचान मिलती है तो वे हर क्षेत्र में असाधारण योगदान करती हैं। नव दुर्गा शक्ति सम्मान की शुरुआत सात साल पहले मुजफ्फरपुर से हुई थी। हर साल नवरात्र के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को पहचान दी जाती है। आयोजन समिति मानती है कि यह पहल केवल सम्मान नहीं, बल्कि समाज में बदलाव की दिशा तय करने वाला प्रयास है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0