भागलपुर में मतदाता जागरूकता अभियान तेज:ई-रिक्शा पर चिपकाया वोट देने का मैसेज, नगर निगम ने की अनोखी पहल

Oct 17, 2025 - 20:30
 0  0
भागलपुर में मतदाता जागरूकता अभियान तेज:ई-रिक्शा पर चिपकाया वोट देने का मैसेज, नगर निगम ने की अनोखी पहल
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भागलपुर में मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के साथ-साथ अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर निगम की ओर से एक अनोखी पहल की गई। उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह और नगर आयुक्त शुभम कुमार ने कोयला डिपो स्थित टेंपो स्टैंड में टोटो पर स्वीप (SVEEP) का लोगो चिपकाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान अधिकारियों ने दर्जनों ई-रिक्शा पर बैनर और स्टिकर लगाए, जिन पर लिखा था “11 नवंबर 2025 को मतदान जरूर करें”। अधिकारियों ने बताया कि शहर में चलने वाले टोटो अब मतदान की तारीख और महत्व का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे। टोटो ड्राइवर से भी कहा गया कि वे सवारी करते समय लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित करें। संघ के सभी ड्राइवर अभियान को आगे बढ़ाएंगे इस मौके पर नगर टेंपू ड्राइवर-मालिक संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार पांडे भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि संघ के सभी चालक इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे और हर यात्री को मतदान के लिए जागरूक करेंगे। उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है, इसलिए हर नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। नगर आयुक्त शुभम कुमार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य भागलपुर में मतदान प्रतिशत बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर के हर कोने में लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के प्रयास कर रहा है। स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, डीआरडीए के निदेशक दुर्गा शंकर और एनईपी के निदेशक अमर कुमार मिश्रा भी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News