नित्यानंद बोले, कंस की तरह तेजस्वी का होगा विनाश:औरंगाबाद में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन, कहा- हमारी सरकार में नक्सलियों का खात्मा
औरंगाबाद के गोह प्रखंड अंतर्गत देवहरा-पथरौल खेल मैदान में एनडीए की ओर से रविवार को विधानसभा स्तर पर एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शिरकत की। सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व विधायक सह जिला जदयू अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह और संचालन जिला भाजपा अध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी ने किया। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि कंस की तरह तेजस्वी का भी विनाश तय है। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिला राज्य में नरसंहार के नाम से जाना जाता था पर हमारी सरकार आते ही सभी नक्सलियों का लगभग खात्मा कर दिया गया। 1990 में जब लालू यादव मुख्यमंत्री बने थे तो सभी को उम्मीद जगी थी कि एक गरीब का बेटा मुख्यमंत्री बना है। अब सभी गरीबों का विकास होगा, लेकिन उन्होंने सिर्फ परिवार को आगे बढ़ने का काम किया है। इसके अलावा भारत सरकार और बिहार सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो भी एनडीए का उम्मीदवार होगा, उन्हें जिताना होगा, तभी बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी।
महागठबंधन का सफाया हो जाएगा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक डॉ. रणविजय कुमार ने कहा कि अगर जनभावनाओं को ध्यान में रखकर सही प्रत्याशियों का चयन किया गया तो यकिन मानिए औरंगाबाद जिले से महागठबंधन का सफाया हो जाएगा और सभी सीटों पर एनडीए की जीत पक्की होगी। उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के सम्मान को ऊंचा किया है। विशेषकर महिलाओं को अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई है। देश के हर एक कोने में लोगों की आर्थिक उन्नति हो रही पूर्व भाजपा विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता मनोज शर्मा ने कहा कि गाली देने वाली पार्टी अगर सत्ता में आई तो आमजनता को खुलेआम गाली देगी। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश उन्नति की ओर बढ़ रहा है। देश के हर एक कोने में लोगों की आर्थिक उन्नति हो रही है। इस मौके पर पूर्व विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक विजेंद्र पासवान, पूर्व विधायक श्यामदेव पासवान, रालोमा जिलाध्यक्ष अशोक मेहता, हम के जिलाध्यक्ष रंधीर सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह, भाजपा नेता प्रमोद सिंह चंद्रवंशी, कुसुम देवी, डॉ श्रीकृष्ण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक उपाध्याय सहित दर्जनों गणमान्य मंच पर मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0