दीपावली पर आगजनी से 12 घर जले:मोतिहारी में 14 बकरियां और भैंस जिंदा जली, लाखों की संपत्ति का नुकसान
मोतिहारी में दीपावली की रात आगजनी की कई घटनाओं में 12 से अधिक घर जलकर राख हो गए। इन घटनाओं में लाखों की संपत्ति और पशुधन का भी भारी नुकसान हुआ है। जिले के हरसिद्धि, अरेराज, पताही और मधुबन प्रखंडों में ये अग्निकांड हुए, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। सबसे भीषण घटना हरसिद्धि प्रखंड की भादा पंचायत के पासी टोला में हुई। यहां दलित समुदाय के कई घर पूरी तरह से जल गए। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को इसका संभावित कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 14 बकरियां और भैंस जिंदा जली पताही प्रखंड के नोनफरवा पंचायत के बौलिया टोला में भी आग लगने से नान्हक बैठा और धनराज बैठा के दो घर जल गए। इस घटना में 14 बकरियां और एक भैंस जिंदा जल गईं। घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी नष्ट हो गए। 5 लाख का हुआ नुकसान ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब नौ बजे पटाखों की आवाज के बीच नान्हक बैठा के घर से धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे सफल नहीं हो सके। इन अग्निकांडों में कुल मिलाकर लगभग 5 लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। अरेराज और मधुबन प्रखंडों में भी दीपावली की रात आगजनी की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनसे कई परिवार प्रभावित हुए हैं। पीड़ित परिवारों ने सरकार से तत्काल राहत, मुआवजा, आवास और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0