सीवान में 53 केंद्रों पर इंटर परीक्षा आयोजित:दूसरे दिन गणित-पॉलिटिकल साइंस का एग्जाम, 52,952 परीक्षार्थी होंगे शामिल
सीवान में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की जा रही है। आज यानी मंगलवार को परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में गणित, जबकि दूसरी पाली में राजनीति विज्ञान और फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा होगी। जिले में परीक्षा के सुचारु एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से चार परीक्षा केंद्रों डीएवी मिडिल स्कूल, महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर महादेवा, ए.भी.एम मिडिल स्कूल, जेपी चौक तथा ए.एन.यू.एस. महिला कॉलेज, महाराजगंज को आदर्श परीक्षा केंद्र घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर केवल छात्राओं की परीक्षा आयोजित की जा रही है। आदर्श परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्था के तहत केंद्राधीक्षक, वीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी सभी महिला अधिकारी एवं कर्मी नियुक्त किए गए हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित, अनुशासित एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान करना है। जिले में 52,952 परीक्षार्थी होंगे शामिल इस वर्ष जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 52,952 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें 25,208 छात्र, 27,742 छात्राएं तथा 2 थर्ड जेंडर परीक्षार्थी हैं। संकायवार आंकड़ों पर नजर डालें तो आर्ट्स संकाय में 20,712, साइंस में 30,547 तथा कॉमर्स संकाय में 1,3997 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इसके अलावा वोकेशनल कोर्स के 4 परीक्षार्थी भी इंटर की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर एक पुरुष एवं एक महिला स्टेटिक मजिस्ट्रेट (आदर्श केंद्रों पर दोनों महिला) के साथ सब-इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिले में 19 गश्ती दल, 7 जोनल एवं 4 सुपर जोनल दंडाधिकारी लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगभग 200 होमगार्ड जवानों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने निगरानी की कड़ी हालांकि पहले दिन कुछ परीक्षा केंद्रों पर समय से विलंब से छात्र-छात्राओं के पहुंचने को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई। इसके बाद प्रशासन ने निगरानी और कड़ी कर दी है। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय द्वारा किए गए निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर वी.एम. उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के केंद्राधीक्षक राकेश कुमार सिंह एवं महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, बरहन गोपाल के केंद्राधीक्षक राकेश कुमार पांडेय को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0