ठग महिला ने बेहोश कर 2.5 लाख के जेवर उड़ाए:सहरसा में बर्तन बदलने के बहाने घर में घुसी, पुलिस CCTV खंगाल रही
सहरसा के कृष्णानगर में ठगी की एक घटना सामने आई है। बर्तन बदलने के बहाने घर में घुसी एक शातिर महिला ने दो महिलाओं को बेहोश कर करीब ढाई लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार ने सोमवार को सदर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। कृष्णानगर निवासी कन्हैया कुमार मिश्रा की पत्नी आरती कुमारी ने बताया कि यह घटना 30 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे हुई। उनके पति बिजली मिस्त्री का काम करने घर से निकले थे, तभी एक महिला पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन देने की बात कहकर उनके घर पहुंची। आरती कुमारी ने उस महिला को घर के अंदर बैठाया और उससे बातचीत करने लगीं। हवा में किसी पाउडर जैसी चीज उड़ा दी बातचीत के दौरान, ठग महिला ने अचानक दोनों हाथों से ताली बजाई और हवा में किसी पाउडर जैसी चीज उड़ा दी। इसके तुरंत बाद, आरती कुमारी और उनकी बुजुर्ग सास गीता देवी अचेत हो गईं। करीब दो घंटे बाद, दोपहर लगभग एक बजे दोनों को होश आया तो ठग महिला घर से गायब थी। होश में आने पर जब घर के सामान की जांच की गई, तो पता चला कि ठग महिला आरती कुमारी के कान की सोने की बालियां, मंगलसूत्र, नाक की नकमुनी और पायल ले गई थी। इसके अलावा, उनकी सास गीता देवी के कान के सोने के टॉप्स भी चोरी हो गए थे। चोरी हुए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV की फुटेज खंगाल रही आरती कुमारी ने रविवार रात पति कन्हैया कुमार मिश्रा के घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सहरसा TOP-2 के प्रभारी सनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV की फुटेज खंगाल रही है। मुहल्ले में बर्तन लेकर घूम रही संदिग्ध महिला का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। ऐसे मे आमलोगो को सचेत रहने आवश्यकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0