कजरा सोलर पावर प्लांट के पहले चरण का काम लगभग पूरा, लखीसराय समेत कई जिलों में अब नॉन स्टॉप मिलेगी बिजली

Feb 2, 2026 - 18:30
 0  0
कजरा सोलर पावर प्लांट के पहले चरण का काम लगभग पूरा, लखीसराय समेत कई जिलों में अब नॉन स्टॉप मिलेगी बिजली

Kajra Solar Power Plant: बिजली की कमी दूर करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में कजरा सोलर पावर प्लांट बड़ी उपलब्धि बनकर उभर रहा है. यह परियोजना न सिर्फ लखीसराय, बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी राहत लेकर आ रही है.

कजरा में 1 जुलाई 2024 से सोलर पावर प्लांट का निर्माण कार्य शुरू हुआ. यह प्लांट 1,232 एकड़ भूमि में बनाया जा रहा है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जिम्मेदारी एल एंड टी लिमिटेड को दी गई है. कंपनी अगले 10 वर्षों तक इसके संचालन और रखरखाव का भी काम करेगी.

करीब 2,300 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा सोलर पावर प्लांट

करीब 2,300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह सोलर पावर प्लांट दो चरणों में पूरा होगा. दोनों चरण पूरे होने के बाद यहां से प्रतिदिन 301 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाएगा. इसके साथ ही 495 मेगावाट पावर बिजली स्टोरेज की सुविधा भी रहेगी. इससे क्षेत्र में स्थिर और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी.

पहले चरण का काम लगभग पूरा

पहले चरण का काम लगभग पूरा हो चुका है. करीब 1,500 करोड़ रुपये की लागत से इस चरण का निर्माण किया गया है. निर्धारित 185 मेगावाट क्षमता के मुकाबले अभी 150 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू हो गया है. सोलर प्लेटों के बीच पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है. इसके पूरा होते ही प्लेटों की सफाई की जाएगी और पूर्ण क्षमता से उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा.

पहले चरण में 16 ब्लॉक में कुल 4 लाख 85 हजार सोलर प्लेट लगाई गई हैं. हर प्लेट से 540 से 545 वाट बिजली उत्पादन की क्षमता है. सोलर प्लेट की आयु 25 वर्ष तय की गई है. बैटरी लगभग 12 वर्ष तक काम करेगी. तकनीकी रूप से पहला चरण लगभग पूरा माना जा रहा है.

इस प्लांट से उत्पादित बिजली लखीसराय और मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर ग्रिड को दी जा रही है. इससे दोनों जिलों की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिली है.

दूसरे चरण पर करीब 800 करोड़ रुपये होंगे खर्च

दूसरे चरण का काम भी तेजी से चल रहा है. इस चरण पर करीब 800 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके पूरा होने के बाद 116 मेगावाट बिजली उत्पादन और 241 मेगावाट आवर स्टोरेज की व्यवस्था होगी. पाइलिंग का काम लगभग पूरा हो चुका है. जल्द ही सोलर प्लेट लगाने का कार्य शुरू होगा. दिसंबर 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है.

कार्यपालक अभियंता ने क्या बताया?

ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि कजरा सोलर पावर प्लांट पूरे बिहार के लिए स्वच्छ और सतत ऊर्जा की दिशा में बड़ी पहल है. यह परियोजना भविष्य में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मजबूत आधारशिला बनेगी.

Also Read: हथकड़ी में इंटर की परीक्षा देने पहुंचे दो छात्र, बिहार बोर्ड परीक्षा के पहले दिन दिखा हैरान करने वाला नजारा

The post कजरा सोलर पावर प्लांट के पहले चरण का काम लगभग पूरा, लखीसराय समेत कई जिलों में अब नॉन स्टॉप मिलेगी बिजली appeared first on Prabhat Khabar.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Vikash Kumar Editor-in-chief