मुजफ्फरपुर से चुनाव प्रचार अभियान की नीतीश करेंगे शुरुआत:21 अक्टूबर को मीनापुर हाई स्कूल मैदान में करेंगे पहली जनसभा, कांटी में रैली भी करेंगे

Oct 19, 2025 - 16:30
 0  0
मुजफ्फरपुर से चुनाव प्रचार अभियान की नीतीश करेंगे शुरुआत:21 अक्टूबर को मीनापुर हाई स्कूल मैदान में करेंगे पहली जनसभा, कांटी में रैली भी करेंगे
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत मुजफ्फरपुर जिले से करने जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहली जनसभा मीनापुर हाई स्कूल मैदान में दोपहर 12 बजे आयोजित होगी, जबकि दूसरी जनसभा कांटी विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। इन दोनों सभाओं के साथ जेडीयू का चुनाव प्रचार अभियान आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी। मीनापुर विधानसभा क्षेत्र को मुख्यमंत्री की पहली सभा के लिए इसलिए चुना गया है क्योंकि यहां जेडीयू और आरजेडी के बीच कड़ी टक्कर मानी जाती है। मीनापुर हाई स्कूल का खेल मैदान सभा स्थल के रूप में तय किया गया है। मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान और मीडिया कवरेज की तैयारियों में प्रशासन और पुलिस टीम पूरी तरह सक्रिय है। स्थानीय जेडीयू नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। आसपास के प्रखंड कटरा, पारू, बोचहां और सकरा से भी पार्टी समर्थक बड़ी संख्या में मीनापुर पहुंचेंगे। कांटी में दोपहर 2 बजे दूसरी जनसभा को करेंगे संबोधित पहली सभा के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफिला कांटी विधानसभा क्षेत्र पहुंचेगा, जहां दोपहर 2 बजे से दूसरी बड़ी जनसभा निर्धारित है। यहां पार्टी के स्थानीय प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री जनता से सीधा संवाद करेंगे। कांटी विधानसभा को औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण हमेशा से चुनावी चर्चाओं का केंद्र माना जाता है। नीतीश कुमार यहां औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर जनता को संबोधित करेंगे। नीतीश की सभाओं से चुनावी माहौल में तेजी राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुजफ्फरपुर से शुरुआत जेडीयू की सटीक रणनीति का हिस्सा है। मीनापुर और कांटी, दोनों ही क्षेत्र उत्तर बिहार की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इन इलाकों से पार्टी को संदेश देने का मकसद यह है कि जेडीयू इस बार चुनावी मैदान में पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरी है। विश्लेषकों के मुताबिक, यह सभाएं केवल जेडीयू के लिए नहीं, बल्कि पूरे बिहार में चुनावी माहौल को गति देने वाला संकेत साबित होगी। नीतीश कुमार के भाषण में पिछली सरकार की उपलब्धियां, 'सात निश्चय' कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। 21 अक्टूबर को जेडीयू के चुनाव प्रचार का औपचारिक आगाज मुख्यमंत्री की 21 अक्टूबर की दोनों सभाएं जेडीयू के चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत के रूप में देखी जा रही है। इसके बाद पार्टी की ओर से राज्य के अन्य जिलों सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में भी लगातार सभाओं का सिलसिला जारी रहेगा। पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची पहले ही जारी कर दी है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा ललन सिंह, अशोक चौधरी, विजय चौधरी और संजय झा जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। लोगों में उत्साह, कार्यकर्ता तैयारी में जुटे मीनापुर और कांटी दोनों ही क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की रैली को लेकर जनता में उत्साह दिख रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस बार विधानसभा चुनाव का माहौल दिवाली के उत्सव के तुरंत बाद गरमा जाएगा। पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर सभा में लोगों को शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा और ट्रैफिक की व्यापक तैयारी की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News