मां सबलपुरवासिनी का 25वां वार्षिक महोत्सव:काशी के विद्वान ब्राह्मणों ने की महाआरती, कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

Feb 2, 2026 - 07:30
 0  0
मां सबलपुरवासिनी का 25वां वार्षिक महोत्सव:काशी के विद्वान ब्राह्मणों ने की महाआरती, कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
भोजपुर के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत सबलपुर गांव में मां सबलपुरवासिनी के 25वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर समारोह आयोजित की गई। अखंड हरि कीर्तन, देवी जागरण एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। 28 जनवरी से शुरू हुए इस सांस्कृतिक–धार्मिक महोत्सव का समापन रविवार को हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण शामिल हुए। पूरे गांव में भक्ति, आस्था और उत्सव का माहौल बना रहा। अंतिम दिन प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुति महोत्सव के अंतिम दिन प्रसिद्ध भजन गायकों विष्णु ओझा, अजीज आनंद, दीपक तिवारी, भानू सिंह और सोनी पांडेय समेत अन्य कलाकारों ने देवी भक्ति और हरि नाम के गीतों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोता देर रात तक झूमते रहे और मां के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। वाराणसी से पधारे वैदिक पूजा आचार्य 25वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर विशेष पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें वाराणसी से पधारे वैदिक पूजा आचार्य संजीव दुबे ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। वहीं, काशी के श्रेष्ठ विद्वान ब्राह्मणों द्वारा संध्या महाआरती की गई, जिसने भक्तों के मन में गहरी आध्यात्मिक अनुभूति उत्पन्न की। महाआरती के दौरान मां सबलपुरवासिनी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इस अवसर पर पूर्व एमएलसी हुलास पांडेय, समाजसेविका सोनाली सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत किया। महोत्सव के सफल आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती मिली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News