मधेपुरा में अगले पांच दिनों तक मौसम साफ:सुबह-शाम घना कुहासा; रबी फसलों की बुआई के लिए अनुकूल

Dec 14, 2025 - 13:30
 0  0
मधेपुरा में अगले पांच दिनों तक मौसम साफ:सुबह-शाम घना कुहासा; रबी फसलों की बुआई के लिए अनुकूल
मधेपुरा में अगले पांच दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि सुबह और रात के समय घना कुहासा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड में बढ़ोतरी महसूस होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस से 26.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस से 11.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता लगभग 90 प्रतिशत रह सकती है, वहीं अपराह्न में यह घटकर करीब 40 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है। इस अवधि में सतही हवा की गति 3 से 5 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो मुख्यतः उत्तरी दिशा से चलेगी। शुष्क बना रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में वर्षा की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। साफ आसमान और शुष्क मौसम के कारण रबी फसलों की बुआई के लिए परिस्थितियां अनुकूल मानी जा रही हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि किसान इस समय खेत की तैयारी कर गेहूं, सरसों, चना सहित अन्य रबी फसलों की बुआई कर सकते हैं। साथ ही आवश्यकता अनुसार फसलों में रासायनिक छिड़काव भी किया जा सकता है। फसलों के लिए यह समय लाभकारी कृषि अनुसंधान केंद्र अगवानपुर के मौसम वैज्ञानिक देवन कुमार चौधरी ने बताया कि तापमान में धीरे-धीरे गिरावट के कारण फसलों के लिए यह समय लाभकारी है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए समय पर कृषि कार्य पूरे करें। इसके अलावा बदलते मौसम में पशुपालकों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पशु एवं पशुशाला को साफ-सुथरा रखें तथा पशुओं को दिन में कई बार स्वच्छ और ताजा पानी पिलाएं। ठंड को देखते हुए पशुओं को धूप निकलने के बाद ही पशुशाला से बाहर निकालें और शाम को धूप ढलने से पहले पुनः पशुशाला में बांध दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News