गोपालगंज में दिल्ली CM रेखा गुप्ता का रोड शो:बोली - मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिलाएं सशक्त हुई

Nov 4, 2025 - 21:30
 0  0
गोपालगंज में दिल्ली CM रेखा गुप्ता का रोड शो:बोली - मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिलाएं सशक्त हुई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान गोपालगंज में भाजपा प्रत्याशी सुभाष सिंह के समर्थन में एक रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जन समर्थक जुटे। यह रोड शो शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा, जिसने चुनावी माहौल को गरमा दिया। रेखा गुप्ता खुली रथ पर सवार होकर मुख्य मार्गों से लोगों का अभिवादन कर रही थीं। उनके साथ स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सड़कों के दोनों किनारों पर खड़े लोग, छतों और बालकनी से मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा कर रहे थे और नारे लगा रहे थे। विकास की गति बनाए रखने की अपील की रोड शो के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने NDA सरकार के विकास कार्यों को जनता के सामने रखा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास की सराहना की। उन्होंने सुभाष सिंह को जिताकर विकास की गति बनाए रखने की अपील की और कहा कि डबल इंजन की सरकार ही बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती है। उन्होंने विरोधी महागठबंधन पर भी निशाना साधा। रेखा गुप्ता ने कहा कि जिन्होंने बिहार को 'जंगलराज' दिया, वे अब फिर से लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता से सत्य और विकास के साथ खड़े होने का आह्वान किया। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर हमला बोला रोड शो के बाद, सीएम रेखा गुप्ता ने सीधे तौर पर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि "तालाब में कूदे या दाना डाले, पशुओं का चारा खाने वाले को बिहार की जनता नहीं चुनने वाली है।" रेखा गुप्ता ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिलाएं सशक्त हुई हैं और आगे बढ़ी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार में फिर से पूर्ण बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने बिहार में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए भी पहुंचने की बात कही। बिहार की जनता भ्रष्टाचार को नहीं भूलेगी - मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस तरह से बिहार का महापर्व छठ पूजा मनाया गया, उसे देश और दुनिया ने देखा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि महागठबंधन के नेता कितने भी वादे कर लें या कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन बिहार की जनता भ्रष्टाचार को नहीं भूलेगी। उन्होंने बिहार के विकास और सुशासन के लिए भाजपा और एनडीए के उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा करती है, और एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
E-MEDIA NEWS Administrator at E-Media News