भोजपुर के पोसवां गांव में 14 दिन पहले हुई फायरिंग के दौरान गोली से घायल महिला की मौत हो गई। इलाज के दौरान आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में शनिवार को दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान पोसवां गांव निवासी कृष्णा साह की पत्नी मुन्नी देवी(28) के तौर पर हुई है। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र की है। पति कृष्णा साह ने बताया कि 4 अक्टूबर की सुबह उसकी पत्नी श्रीराम सिंह के घर गोइठा लाने गई थी। जहां श्रीराम सिंह और उनके भाई राम सिंघासन सिंह के बीच अमरूद के पेड़ को लेकर विवाद हुआ था। उसी दौरान राम सिंघासन सिंह के पुत्र अमरेंद्र कुमार उर्फ गोलू ने फायरिंग कर दी। एक गोली मेरी पत्नी को गर्दन के बीच में गोली लगी थी, जो पीठ से आर-पार हो गई थी। जिसके बाद इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया, लेकिन वहां नहीं ले जाकर अपने शहर में ही भर्ती करा दिया। करीब 14 दिन तक उसका इलाज चला। अमरेंद्र ने ही मेरी पत्नी को मारा है। नामजद आरोपी गिरफ्तार मारपीट में पोसवां गांव निवासी श्रीराम सिंह, उनके दो पुत्र विशाल कुमार, बलवीर कुमार और पुत्री अनुराधा कुमार जख्मी हो गई थी। विशाल कुमार ने अपने चाचा राम सिंघासन सिंह, चाची आशा देवी और दो चचेरे भाई अमरेन्द्र कुमार उर्फ गोलू, गौरव कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर घटना के कुछ ही घंटे बाद नामजद आरोपित आशा देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।