बिहार विधानसभा चुनाव में सारण जिले की मढ़ौरा सीट से लोकतंत्र शक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रत्याशी अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन रद्द होने के बाद भी उनकी सक्रियता क्षेत्र में बनी हुई है। नामांकन रद्द होने के दूसरे दिन रविवार को सीमा सिंह छपरा पहुंची। यहां उन्होंने हाल ही में आगलगी की घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। सीमा सिंह अपने समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ छपरा सदर अस्पताल पहुंचीं और चारों घायल व्यक्तियों का हालचाल जाना। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। 'मढ़ौरा से गहरा रिश्ता बन गया है' मीडिया से बातचीत में सीमा सिंह ने बताया कि नामांकन रद्द होने के संबंध में मैंने अपने पार्टी नेतृत्व और वरीय पदाधिकारियों को सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि मढ़ौरा से उनका गहरा रिश्ता बन गया है और वे सुख-दुख में क्षेत्र में आती-जाती रहेंगी। पीएम-सीएम पर जताया विश्वास सीमा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि दोनों के नेतृत्व में देश और बिहार प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों से प्रभावित होने की बात कही। सीमा सिंह के इस दौरे से स्थानीय राजनीति में नई हलचल देखी जा रही है। उनके समर्थकों का कहना है कि नामांकन रद्द होने के बावजूद उनका जनता से जुड़ाव और सक्रियता मढ़ौरा में नई राजनीतिक दिशा तय कर सकती है।